सिंगरौली। कलेक्टर सिंगरौली गौरव बैनल के निर्देशानुसार जिले में अवैध खनिज गतिविधियों के विरुद्ध लगातार सख्त कार्रवाई जारी है। इसी क्रम में अनुविभागीय अधिकारी पुलिस मोरवा गौरव पांडेय एवं खनिज अधिकारी आकांक्षा पटेल के मार्गदर्शन में खनि निरीक्षक अशोक मिश्रा तथा थाना मोरवा पुलिस की संयुक्त टीम द्वारा दिनांक 10 अप्रैल 2026 की देर रात्रि विशेष जांच अभियान चलाया गया।

संयुक्त जांच के दौरान एनसीएल परियोजना निगाही खदान के समीप रेलवे लाइन से लगभग 200 मीटर दूरी पर अवैध रूप से करीब 40 टन कोयले का भंडारण एवं परिवहन किए जाने का मामला सामने आया। टीम ने मौके पर दबिश देकर एक डंपर क्रमांक CG15ED7160 तथा एक जेसीबी इंजन क्रमांक H00343939 को लावारिस अवस्था में जप्त किया।
कार्रवाई के दौरान टीम को देखकर डंपर एवं जेसीबी चालक मौके से फरार हो गए। अधिकारियों ने तत्काल दोनों वाहनों को जप्त कर सुरक्षार्थ थाना मोरवा परिसर में खड़ा कराया। प्रारंभिक जांच में यह स्पष्ट हुआ कि कोयले का भंडारण अवैध रूप से किया गया था और उसके परिवहन की तैयारी चल रही थी।

प्रशासन द्वारा अब वाहन मालिक एवं जेसीबी मालिक की जानकारी आरटीओ विभाग से प्राप्त कर अग्रिम वैधानिक कार्रवाई की जाएगी। साथ ही जप्त वाहनों और कोयले के संबंध में खनिज नियमों के तहत नियमानुसार प्रकरण दर्ज कर आगे की प्रक्रिया जारी है।
इस संयुक्त कार्रवाई में खनिज सर्वेयर सौरभ चौरसिया, होमगार्ड सैनिक रामसिंह एवं बृजेन्द्र पांडेय की भी महत्वपूर्ण भूमिका रही। प्रशासन की इस कार्रवाई से अवैध कोयला कारोबार से जुड़े लोगों में हड़कंप मच गया है।



