राज्य सरकार के निर्देश के बाद निबंधन कार्यालयों में पेपरलेस रजिस्ट्री को लेकर तैयारियां पूरी कर ली गई हैं।
एक अप्रैल से इस नई व्यवस्था को लागू करने की योजना थी, जिसके तहत रजिस्ट्री की पूरी प्रक्रिया डिजिटल माध्यम से की जानी है।
जानकारी के अनुसार, बिहार के सभी 141 निबंधन कार्यालयों में आवश्यक तकनीकी संसाधन और सिस्टम विकसित कर लिए गए हैं।
बगहा निबंधन कार्यालय में भी ऑनलाइन रजिस्ट्री प्रणाली को लेकर कर्मचारियों को प्रशिक्षण दिया जा चुका है, ताकि नई व्यवस्था लागू होते ही कार्य सुचारु रूप से शुरू किया जा सके।
आधिकारिक आदेश का इंतजार
हालांकि, अब तक विभागीय स्तर से आधिकारिक आदेश जारी नहीं होने के कारण पेपरलेस रजिस्ट्री शुरू नहीं हो सकी है। अधिकारियों का कहना है कि जैसे ही आदेश प्राप्त होगा, तत्काल नई प्रणाली लागू कर दी जाएगी।
सब रजिस्टार अंबुज कुमार कुणाल ने बताया कि कार्यालय में सभी तैयारियां पूरी हैं और आदेश मिलते ही पेपरलेस रजिस्ट्री शुरू कर दी जाएगी। उन्होंने कहा कि इस व्यवस्था से क्रेता और विक्रेता दोनों को सहूलियत मिलेगी तथा प्रक्रिया में पारदर्शिता आएगी।
उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि रजिस्ट्री के नाम पर अवैध वसूली करने वाले बिचौलियों पर सख्त कार्रवाई की जाएगी। अगर कोई बाहरी व्यक्ति इस तरह की गतिविधि में लिप्त पाया जाता है, तो उसकी सूचना सीधे कार्यालय को देने की अपील की गई है।


