वैशाली जिले के बराटी थाना की पुलिस ने गुप्त सूचना के आधार पर घोड़ा चौक के पास वाहन जांच के दौरान एक लग्जरी कार से करीब 35 ग्राम हेरोइन के साथ अंतरजिला महिला तस्कर समेत तीन लोगों को गिरफ्तार किया है।
एक तस्कर अंधेरे का फायदा उठाकर भागने में सफल रहा। पुलिस ने कार जब्त कर ली है। तीनों तस्कर से पूछताछ के बाद प्राथमिकी कर पुलिस आवश्यक कार्रवाई में जुटी है।
कार के डिक्की में लेडीज पर्स से मिली हेरोइन
बराटी थानाध्यक्ष पप्पू कुमार ने बताया कि शनिवार की शाम गश्ती के दौरान घोड़ा चौक पर वाहन जांच की जा रही थी। इसी दौरान जंदाहा की ओर से आई सफेद रंग की कार संख्या बीआर 31 बी-2356 को रुकने का इशारा किया गया।
चालक ने कार नहीं रोकी और तेजी से विदुपुर जाने वाली सड़क में घुसा दिया। पुलिस ने पीछा किया तो जोगी बाबा स्थान से करीब 150 मीटर आगे पुलिया पर कार रोककर एक व्यक्ति भाग निकला। कार में दो पुरुष और एक महिला बैठे मिले।
ई-साक्ष्य पर वीडियो बनाते हुए तलाशी ली गई। कार की डिक्की में रखे नीले रंग के लेडीज बैग से तीन डिब्बों में रखा तीन साबुदानी से करीब 35 ग्राम हेरोइन बरामद हुई। स्थानीय भाषा में इसे ‘कोटा’ कहा जाता है।
सिलीगुड़ी से ला रहे थे हेरोइन की खेप
पूछताछ में तस्करों ने बताया कि हेरोइन सिलीगुड़ी से लाई जा रही थी। भागने वाला तस्कर बिजेन्द्र राय के बिदुपुर स्थित घर ले जाई जा रही थी। वहां से छोटे-छोटे डिब्बों में भरकर घूम-घूम कर बेचते हैं।
थानाध्यक्ष ने बताया कि गिरफ्तार तीनों तस्करों, जब्त कार के मालिक और फरार तस्कर के विरुद्ध एनडीपीएस एक्ट के तहत प्राथमिकी की गई है। फरार तस्कर की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी की जा रही है।
गिरफ्तार तस्कर का नाम पता
- रविशंकर कुमार, पिता कपिल देव ठाकुर, ग्राम चेचर, थाना बिदुपुर, जिला वैशाली
- कुन्दन कुमार, पिता नरेश राय, ग्राम दाउदनगर, थाना विदुपुर, जिला वैशाली
- राखी देवी उर्फ राखी जायसवाल, पति मुन्ना कुमार, ग्राम महंत बरामा दास मठ, वार्ड नंबर 09, थाना घोड़ासहन, जिला मोतिहारी
फरार तस्कर का नाम पता
- बिजेन्द्र राय, पिता सूर्य देव राय, ग्राम दाउदनगर, थाना विदुपुर, जिला वैशाली


