शपथ के बाद संजय झा ने साइन के लिए दिया पेन, सीएम नीतीश ने मुस्कुराते हुए कहा- हो गया… चलें?

 बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने शुक्रवार को राज्यसभा सदस्य के तौर पर शपथ ग्रहण की। उपराष्ट्रपति सी.पी. राधाकृष्णन ने उन्हें पद की शपथ दिलाई।

इस खास मौके पर जेपी नड्डा, निर्मला सीतारमण और अर्जुन राम मेघवाल जैसे दिग्गज केंद्रीय मंत्री और बिहार एनडीए के कई नेता उपस्थित थे।

संजय झा ने सिग्नेचर करने के लिए उन्हें पेन दिया। इसके बाद मुख्यमंत्री ने कहा, हो गया.. चलें…। जिसपर फोटो सेशन के लिए रूकने को कहा गया।

मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने चारों सदन का सदस्य बनने का रिकॉर्ड बनाया है। वो पहली बार राज्यसभा पहुंचे हैं, जबकि इसके पहले लोकसभा, बिहार विधान परिषद और 2 बार विधानसभा के सदस्य रह चुके हैं।

पीएम मोदी और अमित शाह से कर सकते हैं मुलाकात

शपथ ग्रहण समारोह के बाद नीतीश कुमार प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह से औपचारिक मुलाकात कर सकते हैं। माना जा रहा है कि इस दौरान बिहार में एनडीए सरकार के नए स्वरूप और भविष्य की राजनीतिक रूपरेखा पर विस्तार से चर्चा होगी।

इससे पूर्व, शुक्रवार सुबह दिल्ली में जेडीयू के कार्यकारी अध्यक्ष संजय झा, राज्यसभा सांसद रामनाथ ठाकुर, बिहार के डिप्टी सीएम सम्राट चौधरी, मंत्री अशोक चौधरी और मदन सहनी ने भी उनसे शिष्टाचार भेंट की।

जल्द नई सरकार का गठन

नीतीश कुमार शपथ ग्रहण करने के बाद आज शुक्रवार शाम को पटना लौट आएंगे। यह कयास लगाए जा रहे हैं कि नीतीश कुमार 14 अप्रैल को सीएम के पद से इस्तीफा दे सकते हैं।

अब दिल्ली में सक्रिय रहेंगे नीतीश

गुरुवार को दिल्ली पहुंचने पर नीतीश कुमार ने साफ कर दिया था कि अब उनका मुख्य फोकस राष्ट्रीय राजधानी पर रहेगा। उन्होंने कहा कि मैंने 20 सालों तक बिहार में काफी काम किया है और आगे भी करता रहूंगा। लेकिन अब मैं यहीं (दिल्ली) रहकर काम करूंगा। हालांकि, उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि उनका पटना आना-जाना लगातार बना रहेगा।

बीजेपी का होगा नया सीएम

चर्चा है कि बिहार में बीजेपी का सीएम होगा और जेडीयू के कोटे से बनने वाले दो उपमुख्यमंत्रियों में से एक नाम निशांत कुमार का लगभग तय माना जा रहा है।

ऐसे में यह स्पष्ट है कि आने वाले समय में बिहार के भीतर पार्टी का पूरा नेतृत्व निशांत कुमार के हाथों में सौंपा जा सकता है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *