हर साल जलभराव से परेशान मारुति सिटी कालोनी और उसके आसपास के लोगों की सबसे बड़ी समस्या दूर होने जा रही है। नगर निगम प्रशासन एक करोड़ रुपये से नाला निर्माण करेगा। चार अप्रैल को नाले का टेंडर हो गया है।
इसकी अंतिम तिथि 29 अप्रैल है। वर्षा शुरू होने से पूर्व नाला बनकर तैयार हो जाएगा। नाला बनने से 10 हजार लोगों को राहत मिलेगी। इससे जलभराव की समस्या पूरी तरह से खत्म हो जाएगी।
नाला निर्माण का प्रस्ताव महिला कल्याण बाल विकास एवं पुष्टाहार मंत्री बेबीरानी मौर्य ने दिया था। मारुति सिटी कालोनी स्थित टी प्वाइंट के आसपास वर्षा के दिनों में जलभराव होता है।
क्षेत्रीय लोग कई बार महिला कल्याण बाल विकास एवं पुष्टाहार मंत्री बेबीरानी से शिकायत कर चुके हैं। नगर निगम के अधिकारियों को भी ज्ञापन दिया गया है। टी प्वाइंट से गायत्री मधुसूदन होते हुए गोपाल वाटिका से जनक गैस गोदाम तक नाला निर्माण की मांग की गई है।
मंत्री के प्रस्ताव पर नगर निगम ने पिछले माह सर्वे कराया था। इसमें नाला निर्माण जरूरी बताया गया। चार अप्रैल को निगम प्रशासन ने एक करोड़ रुपये का टेंडर जारी कर दिया है।
अपर नगरायुक्त शिशिर कुमार ने बताया कि टेंडर की अंतिम तिथि 29 अप्रैल है। नाला बनने से 10 हजार से अधिक लोगों को राहत मिलेगी।


