सिंगरौली 9 अप्रैल 2026
कलेक्टर सिंगरौली गौरव बैनल के निर्देशानुसार जिले में अवैध रेत भंडारण और परिवहन के खिलाफ प्रशासन की सख्त कार्रवाई लगातार जारी है। जिला खनिज अधिकारी आकांक्षा पटेल के मार्गदर्शन में खनि निरीक्षक अशोक मिश्रा, राजस्व एवं पुलिस की संयुक्त टीम द्वारा गुरुवार को ग्राम मझौना में बड़ी कार्रवाई करते हुए दो स्थानों से अवैध रूप से भंडारित लावारिस रेत जप्त की गई।

प्राप्त जानकारी के अनुसार ग्राम मझौना स्थित निजी भूमि अराजी क्रमांक 551 एवं 555/658 पर लगभग 144 घन मीटर तथा अराजी क्रमांक 555/1 पर लगभग 30 घन मीटर रेत अवैध रूप से भंडारित पाई गई। संयुक्त टीम ने मौके पर पहुंचकर कुल 174 घन मीटर रेत जप्त कर नियमानुसार कार्रवाई की। जप्त रेत को रेत नियमों के प्रावधानों के तहत ठेकेदार की सुपुर्दगी में दिया गया है। साथ ही प्रकरण में खनिज नियमों के अनुसार अग्रिम वैधानिक कार्रवाई जारी है।
गौरतलब है कि एक दिन पूर्व ही जियावन क्षेत्र से 161 घन मीटर लावारिस भंडारित रेत जप्त की गई थी। जिला खनिज अधिकारी आकांक्षा पटेल ने उस समय स्पष्ट कहा था कि जिले में इस प्रकार की कार्रवाई लगातार जारी रहेगी। उसी क्रम में आज फिर दो अलग-अलग स्थानों पर कार्रवाई कर प्रशासन ने अवैध कारोबारियों को कड़ा संदेश दिया है।
खनिज विभाग की लगातार कार्रवाई से जिले में अवैध रेत कारोबार करने वालों में हड़कंप की स्थिति बनी हुई है। प्रशासन ने साफ कर दिया है कि जिले में अवैध उत्खनन, परिवहन और भंडारण किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।


