उत्तराखंड में अप्रैल में जनवरी की ठंड का अहसास, केदारनाथ में भारी बर्फबारी जारी

9.3kViews
1368 Shares

उत्तराखंड में अप्रैल माह में जनवरी का अहसास हो रहा है। मंगलवार रात से हो रही बर्फबारी व मूसलधार वर्षा से ठंड लौट आई है। केदारनाथ धाम में भारी बर्फबारी हो रही है।

देहरादून समेत पहाड़ों में फिर गर्म कपड़े निकल गए हैं। बर्फबारी व वर्षा से 19 अप्रैल से गंगोत्री व यमुनोत्री के कपाट खुलने के साथ ही शुरू होने वाली चार धाम यात्रा की तैयारियां प्रभावित हो रही हैं।

फसलों को नुकसान की आशंका के किसानों की चिंता बढ़ गई है। मौसम विभाग ने देहरादून, टिहरी, पौड़ी, नैनीताल, चंपावत व ऊधमसिंह नगर में गरज-चमक के साथ वर्षा और ओलावृष्टि होने की चेतावनी जारी की है।

बारिश के साथ हवा चलने से गेहूं की फसल गिरी, बाजारों में सन्नाटा

विकासनगर: पछवादून व जौनसार बावर में वर्षा के चलते कई स्थानों पर जलभराव दिखाई दिया। रात से लगातार चल रही वर्षा बुधवार सुबह तक भी जारी है। वर्षा के साथ हवा चलने की वजह से पछवादून में गेहूं की फसल गिरने से किसानों को उत्पादन गिरने की चिंता भी सता रही है।

बारिश के चलते पर्वतीय क्षेत्रों में बागवानी व फसलों को फायदा हुआ है, लेकिन मैदानी इलाकों में गेहूं किसानों को इसका नुकसान हो रहा है। बाजारों व गलियों में सन्नाटा पसरा रहा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *