उपराज्यपाल विनय कुमार सक्सेना ने कहा है कि लद्दाख में नशे के खिलाफ जीरो टालरेंस की नीति अपनाई जाएगी। क्षेत्र की शांति व पवित्रता से किसी भी कीमत पर समझौता नहीं किया जाएगा।
उपराज्यपाल ने सोमवार को कहा कि नशा युवाओं के भविष्य को बर्बाद कर सकता है। इससे समाज पर गंभीर प्रभाव पड़ता है। प्रशासन इस चुनौती से निपटने के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है। लद्दाख में ड्रग तस्करी व नशे के बढ़ते मामलों को गंभीरता से लेते हुए उपराज्यपाल ने प्रशासन को इस दिशा में कड़ी कार्रवाई के निर्देश दिए।
उपराज्यपाल ने इंटरनेट मीडिया एक्स पर जानकारी देते हुए बताया कि लद्दाख पुलिस के महानिदेशक को निर्देश दिए गए है कि ड्रग्स के खिलाफ सख्त कानून प्रभावी बनाकर इस पर रोक लगाई जाए। उन्होंने जोर दिया है कि तस्करों के खिलाफ व्यापक अभियान चलाकर उनके ठिकानों को पूरी तरह खत्म किया जाए।
अभियान को तेज करने पर दिया जोर
उन्होंने विशेष रूप से पर्यटन सीजन की शुरुआत को ध्यान में रखते हुए इस अभियान को तेज करने पर जोर दिया। उन्होंने स्पष्ट चेतावनी दी कि नशे का सेवन, बिक्री, भंडारण या इसके कारोबार को बढ़ावा देने वाले किसी भी व्यक्ति के खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
इसके साथ उपराज्यपाल ने समाज के विभिन्न वर्गों से भी नशे के खिलाफ अभियान को कामयाब बनाने में सहयोग मांगा है। उन्होंने लद्दाख बुद्धिस्ट एसोएिशन, लद्दाख गोंपा एसोएिशन, इस्लामिया स्कूल कारगिल, अंजुमन इस्लामिया लेह के साथ विभिन्न सामाजिक, सांस्कृतिक, शैक्षिक व धार्मिक संस्थाओं से युवाओं व उनके अभिभावकों को नशे के दुष्प्रभावों के प्रति जागरूक करने का आह्वान किया है।


