भागलपुर जिले के नवगछिया बनिकपुर स्टेशन के बीच वन विभाग द्वारा रेलवे लाइन के किनारे बिना सूचना के पौधारोपण करने की सूचना पर आरपीएफ पुलिस इंस्पेक्टर मुन्ना कुमार पासी ने मौके पर पहुंचकर कार्य को रोका और रेलवे से मिले आदेश की कॉपी जमा करने का भी निर्देश दिया।
RPF इंस्पेक्टर ने बताया कि सुरक्षा नियंत्रण कक्ष सोनपुर एवं वरीय प्रशाखा अभियंता से सूचना मिली थी कि नवगछिया-कटरिया के बीच बनिकपुर हाल्ट के पास किलोमीटर 52/23-25 पर जेसीबी मशीन चल रही है, जिससे रेलवे का केबल तार कटने की संभावना है।
निरीक्षण के दौरान यह पाया गया कि बिहार सरकार की योजना के तहत वन विभाग द्वारा रेलवे की खाली भूमि पर वृक्षारोपण के लिए खुदाई की जा रही थी।
मौके पर मौजूद वन विभाग के कर्मचारी गार्ड रौशन कुमार ने बताया कि उन्होंने थाना बिहपुर से कटरिया तक वृक्षारोपण के लिए रेलवे से अनापत्ति प्रमाण पत्र प्राप्त किया है, लेकिन रविवार को कार्यालय बंद होने के कारण वह इसे प्रस्तुत नहीं कर सके।
वरीय प्रशाखा अभियंता/कार्य/कुर्सेला ने बताया कि उन्हें वन विभाग से कोई सूचना नहीं मिली है। केबल कटने की संभावना को देखते हुए कार्य पर रोक लगा दी गई है। अनापत्ति प्रमाण पत्र प्रस्तुत करने के बाद ही कार्य की अनुमति दी जाएगी।


