‘उसे हम घर नहीं लाएंगे’, बुर्का पहनकर लूटपाट करने वाली पायल के ससुर ने तोड़ा रिश्ता, सदमे में परिवार

 आभूषण की दुकान में हुई लूटपाट में आरोपित पायल से उसके ससुरालीजनों ने किनारा कर लिया है। अपने कृत्य से परिवार के सम्मान को कलंकित करने वाली पायल के ससुर हरिराम ने साफ शब्दों में कहा कि बहू से अब रिश्ता पूरी तरह खत्म हो चुका है। अब उसे अपने घर (ससुराल) नहीं लाएंगे।

खंडासा के कोटिया, सुब्बा का पुरवा गांव निवासी हरिराम (आरोपित पायल के ससुर) ने जागरण से बातचीत में कहा कि अब उससे हमारा कोई रिश्ता नहीं रहा। सपने में भी नहीं सोचा था कि बहू इतना बड़ा आपराधिक कृत्य करेगी।

शादी के बाद बहू तीन महीने के लिए पंजाब गई थी, लेकिन इंटरमीडिएट परीक्षा देने के बहाने मायके आ गई और वहीं ठहर गई। उसका पति दीपू मोगा में भाई के साथ सिलाई का काम करता है।

हरिराम ने दुख व्यक्त करते हुए कहा कि जब दीपू काम पर चला जाता था, तो यह घंटों फोन पर लगी रहती थी। हम मना करते तो इधर-उधर के बहाने बना देती। कभी-कभी तो अकेले ही शहर घूमने निकल जाती।

गत दो अप्रैल को रुदौली के कोठी मुहल्ले में आभूषण व्यापारी महेश कुमार की दुकान में एक नकाबपोश महिला ने असलहे के बल पर गहने लूट लिए थे। इसके बाद वह दुकान के बाहर बाइक लेकर खड़े साथी के साथ भाग निकली।

48 घंटे के भीतर पुलिस ने इस वारदात का रहस्योद्घाटन किया, जिसमें पायल एवं राहुल को शामिल बताते हुए पुलिस ने गिरफ्तार कर जेल भेजा है। हरिराम ने कहा कि परिवार के अन्य सदस्य भी इस घटना से बेहद सदमे में हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *