कानपुर में शनिवार को तेज आंधी और वर्षा के बीच शहर के अधिकांश हिस्से में बिजली सप्लाई प्रभावित हो गई थी। कई खंभे और पेड़ गिर गए थे जिससे सप्लाई ठप थी। लेकिन 36 घंटे बीतने के बावजूद सप्लाई शुरू न होने से लोगों का गुस्सा फूट पड़ा। लोगों ने बिजली घर का घेराव कर दिया।
शनिवार शाम 5 बजे आंधी और वर्षा के बीच पूरे शहर की बिजली व्यवस्था चौपट है। लगभग 30 लाख की आबादी बिजली न होने से पानी की किल्लत से भी जूझ रही है। रविवार को भी पूरे दिन और रात में भी बिजली नहीं आई, सोमवार सुबह जब उनके काम पर जाने की नौबत आई तो भी बिजली पानी की किल्लत हुई। फिर सोमवार सुबह 11 बजे के दौरान उपभोक्ताओं का गुस्सा फूट पड़ा। काफी संख्या में उपभोक्ताओं ने सर्वोदय नगर में आरटीओ फीडर को घेर लिया।
मौके पर कोई सुनवाई करने वाला न मिलने पर उन लोगों का गुस्सा और अधिक बढ़ गया। यहां जमकर नारेबाजी की। प्रदर्शन करने वालों में शामिल लोहारन बट्टा व अन्य मोहल्ले के लोगों ने बताया कि शनिवार शाम से बिजली नहीं है। बिजली पोल गिरे पड़े हैं, पेड़ रास्ता रोके हैं, ना तो पेड़ों को काटकर हटाया गया है और ना ही बिजली खंभे सीधे किए गए हैं।
बिजली के अभाव में पानी की बहुत बड़ी समस्या खड़ी हो गई है। वह खरीद कर पानी ला रहे हैं, जहां हैंडपंप है वहां पर लंबी लाइने हैं, दो-दो घंटे बाद पानी लेने का नंबर आता है। प्रदर्शनकारियों ने बताया कि उनको आज सोमवार होने के नाते अपने काम पर भी जाना था, लेकिन सरकारी अव्यवस्था के चलते पानी के चक्कर में वह लोग काम पर भी नहीं जा पाए हैं। बच्चे स्कूल नहीं जा पा रहे हैं, बिजली के अभाव में घरों में अंधेरा है। स्नान करने की बात दूर घर में खाना बनाने तक के लिए पानी की व्यवस्था जुटाने में बड़ी मुश्किल हो रही है।


