अमरनाथ यात्रियों को मिलेगी हाईटेक सुविधा, जम्मू में बन रहा आधार शिविर; एक साथ ठहर सकेंगे 4 हजार श्रद्धालु

श्री अमरनाथ श्राइन बोर्ड ने भगवान अमरेश्वर धाम यात्रा की तैयारियों को गति देना आरंभ कर दिया है, वहीं जम्मू के सिद्धड़ा क्षेत्र में नया और आधुनिक सुविधाओं से सुसज्जित श्री अमरनाथ यात्रियों के लिए आधार शिविर भी आकार लेने लगा है।

करीब 19 कनाल (लगभग 2.5 एकड़) में निर्माणाधीन छह मंजिला यात्री निवास इसी वर्ष के अंत तक श्राइन बोर्ड को सौंप दिया जाएगा। इस पर 40.20 करोड़ की लागत आएगी और निर्माण का खर्च ओएनजीसी द्वारा उठाया जा रहा है।

यहां बता दें कि यात्रा का आकार बढ़ने के कारण जम्मू के भगवती नगर क्षेत्र में बनाया गया यात्री निवास छोटा पड़ रहा था। साथ ही जम्मू शहर के बीच में होने के कारण शहर पर वाहनों व सुरक्षा का अतिरिक्त दबाव रहता था। उपराज्यपाल मनोज सिन्हा ने वर्ष 2021 में राजमार्ग पर जम्मू के बाहरी क्षेत्र मजीन (सिदड़ा) तिरुपति मंदिर के साथ जमीन आवंटित की थी।

यहां की भौगोलिक और सुरक्षा चुनौतियों के कारण कार्य अटका रहा। एक दर्जन लिफ्ट होंगी, 50 एसी कमरे भी : नए यात्री निवास में एक समय चार हजार श्रद्धालु ठहराए जा सकेंगे। भवन में श्रद्धालुओं के लिए दर्जनभर लिफ्ट होंगी।

50 से अधिक एसी कमरे बनाए गए हैं। इसके अलावा डॉर्मिटरी, रसोई, रेस्तरां, एटीएम के अलावा आपातकालीन चिकित्सा केंद्र और आपदा प्रबंधन केंद्र भी होगा। श्रद्धालुओं के लिए भंडारे के साथ राज्य परिवहन निगम का एक काउंटर भी रहेगा। एक हजार वाहनों के लिए पार्किंग होगी।

जम्मू शहर में बढ़ती ट्रैफिक के चलते लिया निर्णय

सुरक्षा कारणों और जम्मू शहर में बढ़ती ट्रैफिक के चलते अमरनाथ यात्रा का आधार शिविर सिद्दड़ा में बनाने का निर्णय लिया था। जम्मू शहर में कुछ लोग आधार शिविर सिद्दड़ा में बनाने का विरोध कर रहे हैं।

दो बार रखा गया नींव पत्थर

जम्मू के आधार शिविर के लिए दो बार नींव पत्थर रखा जा चुका है। 29 नवंबर 2021 को उपराज्यपाल मनोज सिन्हा ने यात्री निवास और आपदा प्रबंधन केंद्र का नींव पत्थर रखा था। 6 जून 2023 को केंद्रीय मंत्री हरदीप सिंह पुरी के साथ एलजी ने भवन का नींव पत्थर रखा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *