शहर में प्रापर्टी धोखाधड़ी का एक बड़ा मामला सामने आया है, जिसमें एक महिला से फ्लोर दिलाने के नाम पर करीब 37.30 लाख रुपये की ठगी करने का आरोप लगाया गया है। सेक्टर-14 निवासी सुनीता रानी ने पुलिस अधीक्षक को शिकायत देकर आरोपितों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की मांग की है।
पुलिस ने एफआइआर दर्ज कर ली है। पीड़िता के अनुसार, उन्होंने सेक्टर-27ए खेड़ी साध स्थित डीएचएल न्यू टाउन में प्लाट नंबर-10 पर बनने वाले तीसरी मंजिल (फ्लोर 10-सी) को वर्ष 2022 में बुक किया था। यह प्रोजेक्ट गुप्ता प्रापर्टी की ओर से तैयार किया जा रहा था।
उन्होंने अलग-अलग किश्तों में मई 2024 तक कुल 37.30 लाख रुपये का भुगतान किया, जिसकी रसीदें भी उनके पास मौजूद हैं। शिकायत में आरोप लगाया गया है कि तय समय पर उन्हें कब्जा नहीं दिया गया। बाद में पता चला कि उक्त फ्लोर किसी तीसरे व्यक्ति के नाम रजिस्ट्री कर दी गई है।
पीड़िता का कहना है कि यह पूरी साजिश डेवलपर, जीएम, सेल्स एग्जीक्यूटिव और अन्य लोगों की मिलीभगत से की गई है। महिला ने यह भी आरोप लगाया कि जब उन्होंने आरोपितों से संपर्क किया तो उन्हें धमकियां दी गईं और समस्या का समाधान नहीं किया गया।
पीड़िता ने संबंधित दस्तावेज भी पुलिस को सौंपे हैं। सुनीता रानी ने एसपी से मामले की निष्पक्ष जांच कर आरोपितों के खिलाफ धोखाधड़ी व आपराधिक साजिश के तहत कार्रवाई करने की मांग की है। पुलिस ने एफआइआर दर्जकर जांच शुरू कर दी है।


