पति से तलाक के बाद प्रणिता ढोल की थाप पर डांस करते स्वजन संग शनिवार को घर पहुंचीं। मां माधवी का आंचल मिला तो पिता रिटायर्ड जज डॉ. ज्ञानेन्द्र शर्मा का स्नेह।
हर किसी ने नई जिंदगी, दृढ़ फैसले को सराहा। प्रणिता के फैसले पर हर कोई उसके साथ मजबूती से खड़ा दिखा। विश्वास, सुरक्षा व नए भविष्य के सपने आंखों में सजाए प्रणिता ने शनिवार रात मां की गोद में सिर रख सुकून चैन की नींद ली। वह रविवार को देर तक सोई।
सात साल के मानसिक, शारीरिक शोषण व सोच-विचार से दिमाग से निकाल अब प्रणिता मां-बाप के साए में जिंदगी को नए सिरे से गढ़ने की जद्दोजहद में जुट गई है।
बेटे को सीने से चिपकाए प्रणिता कहती हैं, जिस के सिर पर मां का आंचल हो, पिता का साया हो, मुस्कुराहट भरी मुस्कुराहट से दिन भर की थकान मिटाने वाला बेटा हो, उसे क्या फिक्र है। ऐसे में तो वह दुनिया जीत लेगी।
सात साल बाद लिया पति से तलाक
प्रणिता मेरठ की वह बेटी है, जिसने शनिवार को एक नई इबारत लिखी है। उत्तराखंड में कई जिलों के न्यायाधीश रहे डॉ. ज्ञानेन्द्र शर्मा व डॉ. माधवी शर्मा की वह बेटी हैं। शनिवार को प्रणिता व पूर्व न्यायाधीश का परिवार उस समय सुर्खियों में आया, जब उन्होंने बेटी का प्रधान परिवार न्यायालय मेरठ में तलाक कराया।
उन्होंने बेटी के एकमात्र बेटे को ही अपने दामाद मेजर गौरव अग्निहोत्री निवासी कोना याकूबपुर जिला शाहजहांपुर से लिया। वह जालंधर में तैनात है। कोई खर्च, सामान व आर्थिक सहायता नहीं ली। सीधे बेटी का सम्मान व प्यारा बेटा मांगा।
कोर्ट में काली टीशर्ट पर आई लव माई डॉटर पहने डॉ. ज्ञानेन्द्र शर्मा सपरिवार, ईष्ट मित्रों संग पहुंचे। न्यायालय ने फैसला सुनाया तो डॉ. ज्ञानेन्द्र ने ताली बजाकर फैसले का स्वागत किया। बेटी का माला पहनाकर स्वागत किया। बेटी व लोगों को मिठाई खिलाई और बांटी।
ढोल की थाप पर बेटी का किया स्वागत
दामाद, उनके स्वजन संग हंसी-खुशी हाथ मिलाया, साथ में खाना खाया और उन्हें विदा किया। इसके बाद डॉ. ज्ञानेन्द्र शर्मा व स्वजन ने ढोल की थाप पर जमकर डांस किया। बेटी संग पूरा परिवार डांस करता हुआ कचहरी से अपने शास्त्रीनगर एल-ब्लॉक स्थित आवास पर पहुंचे। घर पर भी फूल मालाओं के साथ बेटी का स्वागत किया गया। जमकर डांस किया।
हर कोई इस परिवार की खुशी देखकर दंग था। जिन्हें जानकारी नहीं थी, वह इसे किसी उत्सव से पहले का आयोजन मान रहे थे। कुछ बेटी को कोई बड़ी सफलता मिलने का कयास लगा रहा था।
जिसे पता चला कि बेटी का तलाक होने पर पिता ढोल की थाप पर डांस कर घर लाए हैं। उनकी आंख हैरत से फैल गईं। रविवार को स्वजन संग शॉपिंग की और होटल जाकर डिनर किया।
2018 में हुई थी प्रणिता और गौरव की शादी
दरअसल, रिटायर्ड जज डॉ. ज्ञानेंद्र शर्मा ने बेटी प्रणिता शर्मा की शादी 14 दिसंबर 2018 को शाहजहांपुर के कोना याकूबपुर निवासी गौरव अग्निहोत्री से की थी। गौरव के पिता श्याम किशोर अग्निहोत्री भी सेना में मेजर सूबेदार पद से रिटायर्ड हैं।
आरोप है कि शादी के बाद से ससुराल पक्ष प्रणिता शर्मा का उत्पीड़न कर रहे थे। वह ससुराल में उत्पीड़न झेल रही थी। इसी बीच प्रणिता ने 7 मार्च 2025 को एक बेटे को जन्म दिया। फिर भी उत्पीड़न जारी रहा। तब प्रणिता ने गौरव से तलाक लेने का निर्णय लिया और फैमिली कोर्ट में अर्जी लगाई।
अधिवक्ता डॉ. राजीव गिरी व नसीम सैफी ने पैरोकारी की। शनिवार को कोर्ट ने प्रणिता और गौरव का तलाक मंजूर कर लिया। घर की चौखट पर प्रणिता का जोरदार स्वागत हुआ।
इकलौती बेटी हैं प्रणिता
प्रणिता शर्मा शास्त्री नगर स्थित प्रणव वशिष्ठ ज्यूडिशियल अकादमी में फाइनेंस डायरेक्टर हैं। उन्होंने मनोविज्ञान में पोस्ट ग्रेजुएशन किया है। पिता की वह इकलौती बेटी हैं। प्रणिता के भाई की साल चंडीगढ़ में कोर्ट में एक दुर्घटना में वर्ष-2022 में मौत हो गई थी।


