सीएचसी पर कटिया डालकर चला रहे थे बिजली, करहल में काटे कनेक्शन तो मची खलबली; ओवरलाेड से चोरी का लगी जानकारी

1817 Shares

 सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) के वैध कनेक्शन से कटिया डालकर की जा रही बिजली चोरी पर मंगलवार को विभागीय कार्रवाई हुई। ओवरलोडिंग और निरंतर बढ़कर आ रहे बिल की जांच के बाद बिजली चोरी की जानकारी हुई। चिकित्साधीक्षक के पत्र पर उपखंड अधिकारी के नेतृत्व में पहुंची टीम ने सभी अनाधिकृत कनेक्शन काट दिए। सभी ने नियमानुसार कनेक्शन लेने काे कहा है।

सीएचसी करहल परिसर में अधिकारी-कर्मचारी कर रहे थे बिजली चोरी

सीएचसी के लिए 28 किलोवॉट का कनेक्शन स्वीकृत है। पिछले कई दिन से यह ओवरलोड बता रहा था। बिल भी ज्यादा आ रहा था। चिकित्साधीक्षक डॉक्टर अभिषेक यादव ने जानकारी की तो पता चला कि कई अधिकारी और कर्मचारी अनाधिकृत रूप से बिजली की चोरी कर रहे हैं। उन्होंने पहले तो सभी को नोटिस जारी कर कनेक्शन लेने के लिए कहा था, लेकिन अनदेखी होती देख लिखित पत्र देकर बिजली विभाग से कार्रवाई की मांग की थी।

चिकित्साधीक्षक की शिकायत पर हुई कार्रवाई, लगातार बढ़कर आ रहा था बिल

मंगलवार सुबह लगभग 11 बजे उपखंड अधिकारी उपेंद्र यादव, अवर अभियंता वाजिद अली और डिस्कनेक्शन टीम व पुलिस बल के साथ पहुंचे। टीम ने कार्रवाई करते हुए परिसर में बने 14 आवास से कटिया हटाकर बिजली बंद कर दी। सभी को निर्धारित कनेक्शन के बाद ही बिजली जलाने की अनुमति दी जाएगी। कार्रवाई में बिजली विभाग से सुनील यादव, मनोज कुमार, दिनेश कुमार, विजेंद्र आदि रहे।

आवासों पर है स्थानांतरित अधिकारियों का कब्जा

चिकित्साधीक्षक का कहना है कि सीएचसी में बने आवासों में कई ऐसे अधिकारी व कर्मचारी रह रहे हैं, जिनका अन्यत्र स्थानांतरण हो चुका है। अनाधिकृत कनेक्शन वालों में ज्यादा वही लोग हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *