मानसून की बारिश ने दिल्ली, यूपी से लेकर मुंबई तक आफत मचा रखी है। दिल्ली एनसीआर और यूपी के कई जिलों में सुबह से बारिश शुरू हो चुकी है।
मौसम विभाग ने आज महाराष्ट्र, उत्तर प्रदेश, बिहार और दिल्ली-NCR सहित कई राज्यों में आंधी-तूफान के साथ भारी बारिश का हाई अलर्ट जारी किया है। सुरक्षा के मद्देनजर लोगों को सावधान रहने की सलाह दी भी गई है।
भारतीय मौसम विज्ञान विभाग के अनुसार, मानसून के तेजी से सक्रिय होने के कारण उत्तर और पूर्वी भारत में अगले कुछ घंटे बेहद संवेदनशील रहने वाले हैं, जहां मूसलाधार बारिश के साथ आकाशीय बिजली गिरने (वज्रपात) की गंभीर चेतावनी दी गई है।
13 राज्यों में अलर्ट जारी
इस मौसमी बदलाव का सबसे बड़ा असर दिल्ली-एनसीआर, उत्तर प्रदेश और बिहार समेत कुल 13 राज्यों पर पड़ेगा, जहां तेज तूफानी हवाएं लोगों की मुश्किलें बढ़ा सकती हैं।
मौसम विभाग ने स्थिति की गंभीरता को देखते हुए किसानों और मछुआरों को सुरक्षित स्थानों पर रहने की विशेष सलाह जारी की है।
दिल्ली में 70 से 80 किलोमीटर प्रति घंटे की गति से चलने वाली आंधी के साथ भारी बारिश का अनुमान है, जिससे यहां का अधिकतम तापमान गिरकर 29 डिग्री और न्यूनतम तापमान 27 डिग्री सेल्सियस तक आ सकता है।
उत्तर प्रदेश के लखनऊ, मथुरा, झांसी, वाराणसी और अयोध्या जैसे प्रमुख जिलों में 80 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से अंधड़ चलने और मूसलाधार बारिश होने की आशंका जताई गई है।
पड़ोसी राज्य बिहार के पटना, मुजफ्फरपुर, गया और पूर्णिया सहित कई इलाकों में 70 किलोमीटर प्रति घंटे की हवाओं के साथ भारी जलभराव और तूफान की चेतावनी है।
इसके अलावा झारखंड के रांची और जमशेदपुर जैसे शहरों में 65 किलोमीटर प्रति घंटे की गति से हवाएं चलेंगी और भारी बारिश होगी।
पहाड़ी राज्यों की बात करें तो उत्तराखंड के नैनीताल, हरिद्वार और ऋषिकेश में मूसलाधार बारिश के साथ 70 किलोमीटर प्रति घंटे की हवाएं चलने का अनुमान है, जबकि हिमाचल प्रदेश और जम्मू-कश्मीर के विभिन्न जिलों में भी तेज हवाओं के साथ भारी बारिश का अलर्ट जारी किया गया है।
इस दौरान देश के अन्य हिस्सों जैसे पश्चिम बंगाल, पंजाब, राजस्थान, मध्य प्रदेश, छत्तीसगढ़ और केरल में भी भारी मानसूनी बारिश के कारण जनजीवन प्रभावित होने की आशंका है, जिससे तापमान में भारी गिरावट दर्ज की जाएगी।
पूर्वोत्तर भारत का कैसा है हाल?
बात अगर अब पूर्वोत्तर भारत की करें तो असम, मेघालय, अरुणाचल प्रदेश, नागालैंड, मणिपुर, मिजोरम और त्रिपुरा में झमाझम बारिश की संभावना जताई गई है।वहीं दक्षिण भारत में केरल और कर्नाटक के तटीय व अंदरूनी इलाक में भारी बारिश की संभावना है।
इन क्षेत्रों में जारी किया गया विशेष चेतावनी
मौसम विभाग के अनुसार कोंकण और गुजरात के अलावा मध्य महाराष्ट्र, तटीय कर्नाटक, छत्तीसगढ़, उप-हिमालयी पश्चिम बंगाल और सिक्किम में अत्यंत भारी बारिश की चेतावनी दी गई है।
ओडिशा तट से बचाए गए आंध्र प्रदेश के 20 मछुआरे
ओडिशा तट से आंध्र प्रदेश के 20 मछुआरों को उस समय बचा लिया गया, जब मछली पकड़ने वाली उनकी नाव का इंजन खराब हो गया और ओडिशा तट के पास खराब मौसम के कारण नाव बहकर गहरे समुद्र में पहुंच गई।
आंध्र प्रदेश के कृषि और मत्स्य पालन मंत्री किंजरापु अच्चन्नायडू ने कहा है कि ओडिशा के पारादीप तट के पास से बचाए गए सभी मछुआरे पारादीप बंदरगाह पहुंच गए हैं। सभी मछुआरे सुरक्षित और स्वस्थ हैं।
उन्होंने कहा कि मछुआरों के विशाखापत्तनम पहुंचने के बाद राज्य सरकार उन्हें जरूरी सहायता उपलब्ध कराएगी। इस बीच, विशाखापत्तनम तट से एक जुलाई को समुद्र में लापता हुए सात मछुआरों में से एक कारी चिन्ना को सोमवार को सुरक्षित बचा लिया गया।
बचावकर्मी भारतीय नौसेना के हेलीकॉप्टर की मदद से उन्हें विशाखापत्तनम स्थित आइएनएस डेगा लेकर पहुंचे। शेष छह मछुआरों का पता लगाने के लिए अभियान जारी है।

विकास कुमार सिंह एक अनुभवी भारतीय पत्रकार और द टकसाल न्यूज़ (The Taksal News) के प्रधान संपादक हैं।

