बेंगलुरु में मिला छात्रा का शव, दोस्त को भेजा आखिरी संदेश- अब जिंदगी बहुत हो चुकी है

1549 Shares

बेंगलुरु से एक दर्दनाक खबर सामने आ रही है। जहां सैंकी टैंक झील में मंगलवार सुबह एक 20 साल की कॉलेज छात्रा का शव मिलने से सनसनी फैल गई। पुलिस को शक है कि लड़की ने सोमवार शाम को झील में कूदकर खुदकुशी की है। कदम उठाने से ठीक पहले उसने अपने एक पुरुष मित्र (बॉयफ्रेंड) को मैसेज भेजकर जान देने की बात कही थी।

दोस्त को व्हाट्सएप पर भेजा आखिरी संदेश

बता दें कि मृतक छात्रा की पहचान तेजस्विनी उर्फ तेजू के रूप में हुई है। वह चिक्काबनावरा की रहने वाली थी और जालाहल्ली के एक प्राइवेट कॉलेज से बीकॉम सेकंड ईयर की पढ़ाई कर रही थी।

दोस्त को मैसेज भेजने के बाद बंद किया फोन

पुलिस की तरफ से दी गई जानकारी के अनुसार सोमवार को दोपहर करीब 12:30 बजे वह कॉलेज से निकली, लेकिन घर नहीं गई। शाम करीब 4 बजे वह सैंकी टैंक पार्क पहुंची।

सीसीटीवी फुटेज के अनुसार, वह काफी देर तक वहां घूमती रही, एक जगह बैठी और कई बार पानी के पास गई। इसके बाद शाम करीब 6 बजे उसने अपने दोस्त को व्हाट्सएप पर मैसेज भेजा कि अब जिंदगी बहुत जी ली और इसके बाद अपना फोन बंद कर लिया।

परिजनों ने रातभर ढूंढा, सुबह मिला शव

पुलिस के अनुसार मृतक छात्रा के दोस्त ने मैसेज देखते ही उसे लगातार फोन मिलाना शुरू किया, लेकिन मोबाइल स्विच ऑफ था। घबराकर उसने तुरंत तेजस्विनी की मां पुष्पा को फोन कर पूरी बात बताई। बेटी की जान खतरे में देख मां और परिवार के लोग उसे ढूंढने निकले और सदाशिवनगर पुलिस स्टेशन में शिकायत दर्ज कराई।

पुलिस और फायर ब्रिगेड की टीम ने परिजनों के साथ मिलकर सोमवार रात 1 बजे तक झील के आस-पास सर्च ऑपरेशन चलाया। रात में सिर्फ मृतक छात्रा का बैग और मोबाइल फोन ही मिल पाया। इसके बाद, मंगलवार सुबह 18वें क्रॉस एंट्रेंस के पास पानी में उसका शव तैरता हुआ मिला।

माता-पिता के अलग होने से परेशान थी छात्रा

मामले में नया मोड़ तब सामने आया, जब सेंट्रल बेंगलुरु के डीसीपी अक्षय एम. हाके ने बताया कि पुलिस ने ‘अस्वाभाविक मौत’ का मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस के मुताबिक तेजस्विनी के माता-पिता के बीच पारिवारिक विवाद था और वे अलग रहते थे।

करीब दो हफ्ते पहले उसका अपने दोस्त से भी कोई विवाद हुआ था, जिससे वह काफी परेशान थी। पुलिस को मौके से कोई सुसाइड नोट नहीं मिला है। हालांकि पुलिस हर एंगल से मामले की जांच कर रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *