गंजडुंडवारा: क्षेत्र के गांव नवादा के पास पेड़ की डाली टूटकर गिर गई। जिसकी चपेट में आकर भाई बहन की मृत्यु हो गई। जबकि दो अन्य स्वजन गंभीर रूप से घायल हो गए। घायलों का उपचार अलीगढ़ मेडीकल कालेज में जारी है। सभी गेहूं की फसल को एकत्रित करने गए हुए थे, जहां से सभी वापस घर लाैट रहे थे। तभी यह हादसा हो गया। पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम कराया है।
गेहं की फसल एकत्रित करने के लिए गए थे
घटना शुक्रवार रात पौने ग्यारह बजे की है। कोतवाली क्षेत्र के गांव गजोरा निवासी 20 वर्षीय संजीव उर्फ संजू पुत्र अशोक कुमार, 24 वर्षीय आरती पुत्री अशोक कुमार, 28 वर्षीय शिवसागर पुत्र अशोक कुमार और 12 वर्षीय संध्या पुत्री विजयदीप गंजडुंडवारा मोहनपुर रोड़ स्थित टीकम इंटर कॉलेज के पास गेहूं की फसल को एकत्रित करने गए हुए थे।
चिकित्सकों ने दो सगे भाई बहन संजू और आरती को मृत घोषित कर दिया
इस घटना में सभी गंभीर रूप से घायल हो गए। घायलों को पुलिस ने उपचार के लिए गंजडुंडवारा स्थित सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया। जहां चिकित्सकों ने दो सगे भाई बहन संजू और आरती को मृत घोषित कर दिया।
वहीं शिवसागर और संध्या की गंभीर हालत को देखते हुए सघन चिकित्सा के लिए जिला अस्पताल भेज दिया। जिला अस्पताल में उपचार के दौरान हालत में सुधार न होने पर दोनाें को अलीगढ़ मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया। जहां संध्या की हालत में सुधार है। वहीं शिवसागर की हालत गंभीर बनी हुई है। पुलिस ने मृतकों के शवों को पोस्टमार्टम कराया है।
26 अप्रैल को आनी थी बारात
आरती की शादी सोरों ब्लॉक क्षेत्र के गांव कादरवाडी में तय हुई थी। गोद भराई की रस्म भी पूरी हो चुकी थी। 26 अप्रैल को बारात आनी थी। घर में शादी की तैयारियाें जोरों पर थी। शादी के कार्ड भी छप गए थे। स्वजन खेतीबाड़ी का कार्य निपटाने में लगे हुए थे। शुक्रवार रात आई आंधी ने शादी की खुशियां मातम में बदल दी। एक साथ हुई दो मृत्यु से स्वजन का रो-रोकर बुरा हाल है।


