मेरठ: महज 350 दिन में टूटी शादी, कार और रुपयों की डिमांड पर पति समेत नौ ससुरालियों पर FIR

 दंपती के बीच सात जन्मों के वैवाहिक रिश्ते शीशे की तरह चकनाचूर हो रहे हैं। छोटी-छोटी बातों पर पति-पत्नी का विवाद थाना-कोर्ट कचहरी तक पहुंच रहा है।

ऐसा ही एक मामला कंकरखेड़ा में देखने को मिला, जहां महज 350 दिन ही शादी का बंधन चल पाया और विवाहिता की तहरीर पर पति समेत नौ ससुरालियों के खिलाफ दहेज उत्पीड़न का नामजद केस दर्ज हुआ, जिसमें पुलिस अब जांच कर रही है।

महज 350 दिन ही चल सकी शादी

कंकरखेड़ा क्षेत्र में नई गोविंदपुरी निवासी कोमल ने पुलिस को बताया कि उसकी शादी 15 मई 2025 को सरधना क्षेत्र के गांव ज्वालागढ़ निवासी सुशील के साथ हुई थी। आरोप है कि शादी के बाद पति समेत अन्य ससुराल वाले कम दहेज लाने का ताना देकर उसको प्रताड़ित करने लगे। दहेज के नाम पर तीन लाख रुपये और एक कार की मांग की गई। जब भी पीड़िता विरोध करनी, तभी उसके साथ मारपीट की गई।

शादी के बाद तीन लाख रुपये और कार की कर रहे थे डिमांड़

कई बार मायके वालों ने भी पति और उनके स्वजन को समझाने का प्रयास किया, मगर बात नहीं बनी। विवाहिता से दो टूक कहा गया कि अगर, घर में रहना है तो दहेज के नाम पर तीन लाख रुपये और कार लानी होगी। आरोप है कि 14 मार्च 2026 को विवाहिता के साथ मारपीट की और गला दबाने का प्रयास किया। शोर शराबा सुनकर पड़ोसी पहुंचे, जिन्होंने बचाया।

नौ पर दहेज उत्पीड़न का केस दर्ज

पीड़िता की तहरीर पर पति सुशील, सौलाल, कमलेश, जेठ अनिल, सुनील, सचिन, देवर कपिल, ननंद उषा व सीमा के खिलाफ केस दर्ज हुआ है। इंस्पेक्टर जितेंद्र सिंह का कहना है कि आरोपितों पर नामजद केस दर्ज है, जांच कर आगे की कार्रवाई होगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *