विश्व प्रसिद्ध जागेश्वर धाम में इन दिनों श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ रही है। रविवार सुबह से ही मंदिर परिसर में पूजा-अर्चना के लिए श्रद्धालुओं की लंबी कतारें देखने को मिलीं।
विशेष बात यह रही कि ऑफ सीजन के बावजूद यहां रिकॉर्ड संख्या में पर्यटक और भक्त पहुंच रहे हैं, जिससे पूरे क्षेत्र में रौनक बढ़ गई है।
भीड़ के चलते आरतोला से लेकर जागेश्वर तक वाहनों का लंबा काफिला लगा रहा, जिससे यातायात व्यवस्था प्रभावित हुई। स्थिति को नियंत्रित करने के लिए पुलिस बल तैनात रहा और सुरक्षा व्यवस्था चाक-चौबंद रखी गई।
श्रद्धालुओं की बढ़ती संख्या से स्थानीय व्यापारियों के चेहरे खिले नजर आए। होटल, गेस्ट हाउस और दुकानों में अच्छी खासी भीड़ देखी जा रही है, जिससे स्थानीय अर्थव्यवस्था को संजीवनी मिल रही है।
मंदिर समिति के पूर्व अध्यक्ष नवीन भट्ट ने कहा कि ऑफ सीजन में इतनी बड़ी संख्या में पर्यटकों का आगमन क्षेत्र के लिए राहत भरी खबर है। इससे स्थानीय लोगों की आय में वृद्धि होगी और पर्यटन को भी नया प्रोत्साहन मिलेगा।


