सोशल मीडिया पर इन दिनों एक खास ड्रिंक की काफी चर्चा हो रही है। ठंडी-ठंडी कोल्ड ड्रिंक में नमकीन मूंगफली का स्वाद आजकल लोगों को काफी पसंद आ रहा है, लेकिन आपको जानकर हैरानी होगी कि यह कोई नया एक्सपेरिमेंट नहीं, बल्कि सदियों पुराना कॉम्बिनेशन है।
यह सुनने में भले ही किसी ‘डेयर’ या चुनौती जैसा लग सकता है, लेकिन इन दिनों इंटरनेट पर यह कॉम्बिनेशन आग की तरह फैल रहा है। इस बारे में पहली बार सुनने लोग अक्सर इसे ‘अजीब’ या ‘बेस्वाद’ कहते हैं, लेकिन चखने के बाद उनका नजरिया पूरी तरह बदल जाता है।
आखिर क्या है यह नया ड्रिंक?
कोक और मूंगफली के इस कॉम्बिनेशन को “फार्मर्स कोक” कहा जाता है। यह अमेरिका के दक्षिणी हिस्सों का एक बहुत पुराना और क्लासिक ड्रिंक है। दशकों पहले, किसान या मजदूर काम के बीच में बिना हाथ धोए या बिना रुके कुछ खाना चाहते थे। इसके लिए उन्होंने कोक की बोतल में ही मुट्ठी भर नमकीन मूंगफली मिला दी, जिससे उन्हें पीने के साथ-साथ चबाने के लिए कुछ नमकीन मिल जाता था।
क्यों पसंद आता है इसका स्वाद?
पिछले कुछ समय से यह ड्रिंक सोशल मीडिया पर काफी वायरल है। ऐसे में एक X यूजर ने हाल ही में एक पोस्ट के लिए जरिए बताया कि आखिर क्यों लोगों को इसका स्वाद पसंद आ रहा है। उन्होंने बताया कि यह सिर्फ स्वाद की बात नहीं है, बल्कि आपके दिमाग के काम करने का तरीका है:
- उमामी स्वाद: कोक काफी एसिडिक होता है। जब इसमें मूंगफली डाली जाती है, तो कोक का एसिड मूंगफली की बाहरी परत को तोड़कर ‘ग्लूटामेट’ रिलीज करता है। इससे एक खास ‘उमामी’ स्वाद पैदा होता है, जो इसे और भी टेस्टी बना देता है।
- मीठा और नमकीन का मेल: मूंगफली का नमक कोक की हल्की कड़वाहट को दबा देता है, जिससे ड्रिंक और भी ज्यादा मीठा और रिफ्रेशिंग लगने लगता है।
- बुलबुलों का जादू: कोक की फिज यानी गैस हमारे टेस्ट बड्स को लगातार एक्टिव रखती है, जिससे हर घूंट में नयापन महसूस होता है।
- दिमाग को मिलता है हैप्पी सिग्नल: मूंगफली में मौजूद फैट और कोक की शुगर मिलकर दिमाग के ‘प्लेजर सेंटर’ को एक्टिव करते हैं। इससे दिमाग को एक साथ मीठा, नमकीन, कुरकुरा और चटपटा स्वाद मिलता है, जिससे यह एक ‘परफेक्ट स्नैक’ बन जाता है।
सोशल मीडिया पर मिलजुले रिएक्शन
भले ही कई लोगों को इसका स्वाद पसंद आ रहा है, लेकिन कुछ लोग ऐसे भी है, जो इसे लेकर अलग राय रखते हैं। इसलिए इंटरनेट पर इस ट्रेंड को लेकर लोगों की मिली-जुली प्रतिक्रियाएं मिल रही हैं। कुछ लोग इसे देखकर ही नापसंद कर रहे हैं, वहीं कुछ लोग इसे “पीनट कोलाडा” का नाम देकर मजाक उड़ा रहे हैं।
हालांकि, बड़ी संख्या उन लोगों की है, जो इसे चखने के बाद इसके फैन हो गए हैं। उनका कहना है कि यह कॉम्बिनेशन सुनने में भले ही अजीब लगे, पर स्वाद में लाजवाब है।


