अमेरिका में 30 साल बाद जिंदा मिली लापता लड़की, घोड़े देखने गई थी फिर नहीं लौटी

अमेरिका के एरिजोना से 30 साल पहले लापता हुई लड़की के मामले में एक चौंकाने वाला मोड़ आ गया है। रिपोर्ट के अनुसार, 13 साल की एक लड़की जो कि तीन दशक से भी पहले बचपन में लापता हो गई थी, अब जिंदा मिल गई है। अधिकारियों ने बताया कि नीली आंखें और सुनहरे बालों वाली यह लड़की मई 1994 में अपने घर के पास एक अस्तबल में अपने घोड़े को देखने गई थी। इसके बाद वह लापता हो गई थी।

नई तकनीक ने दिलाई सफलता

उस समय जारी किए गए लापता व्यक्ति के पोस्टरों में बताया गया था कि उसे आखिरी बार एक सफेद टी-शर्ट, रंग-बिरंगे शॉर्ट्स और काले टेनिस शूज पहने हुए देखा गया था। गिला काउंटी शेरिफ कार्यालय ने बुधवार को बताया कि क्रिस्टीना मैरी प्लांट, जो दशकों पहले फीनिक्स के उत्तर-पूर्व में स्थित एक छोटे से शहर स्टार वैली से बिना कोई निशान छोड़े लापता हो गई थी, हाल ही में मिल गई है। यह सफलता तब मिली जब मामले में अचानक एक नया सुराग मिला।

अधिकारियों ने यह नहीं बताया कि वह कैसे मिली, लेकिन उन्होंने कहा कि तकनीकी प्रगति ने जांच में नए सुराग जुटाने में मदद की। यह भी अभी स्पष्ट नहीं है कि वह ठीक कब और कहां मिली।उसके लापता होने को संदिग्ध माना गया था, और अधिकारियों ने चिंता जताई थी कि वह किसी खतरे में हो सकती है। अधिकारियों के अनुसार, क्रिस्टीना का नाम लापता बच्चों के लिए बने एक राष्ट्रीय डेटाबेस में दर्ज किया गया था, और उसकी तस्वीर वाले पोस्टर पूरे राज्य में और देश के अन्य हिस्सों में बांटे गए थे।

30 सालों तक चलती रही जांच

उन्होंने आगे बताया कि यह मामला कई सालों तक खुला और सक्रिय रहा। जांचकर्ता समय-समय पर सबूतों की दोबारा जांच करते रहे और जैसे-जैसे नई जानकारी मिलती गई, वे उसकी पड़ताल करते रहे। अधिकारियों ने पुष्टि की है कि 32 साल बाद, क्रिस्टीना मैरी प्लांट जीवित मिल गई है।

जांचकर्ताओं ने उसकी पहचान की भी पुष्टि कर दी है। अधिकारियों ने बताया कि क्रिस्टीना की निजता और उसके सर्वोत्तम हितों का सम्मान करते हुए, इस मामले से जुड़ी और कोई भी जानकारी सार्वजनिक नहीं की जा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *