Delhi-Meerut Expressway पर टोल शुल्क बढ़ा, हल्के और भारी वाहनों के लिए अब कितने रुपये देने होंगे ?

 दिल्ली-मेरठ एक्सप्रेस वे पर मंगलवार की रात 12 बजे से सफर महंगा हो गया है। इस एक्सप्रेसवे से गुजरने वाले हल्के व भारी वाहनों से बढ़ा हुआ टोल शुल्क वसूला गया। टोल की दरों में पांच रुपये से 25 रुपये तक की वृद्धि हुई है।

राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण के परियोजना निदेशक अरविंद कुमार के पत्र का हवाला देते हुए काशी टोल के मैनेजर सुनील ने बताया कि नई टोल दर मंगलार को रात 12 बजे लागू हो गई है। एक्सप्रेसवे पर मेरठ से सरायकाले खां तक टोल शुल्क लिया जाता है। कार, जीप और वैन जैसे हल्के वाहनों से अब 170 रुपये के बजाय 175 रुपये लिए गए।

24 घंटे में वापस लौटने पर 255 रुपये की जगह 265 रुपये देने होंगे। कांशी टोल प्लाजा से मेरठ से दिल्ली तक चलने वाली मिनी बसों से 275 रुपये के स्थान पर 285 रुपये लिए जाएंगे। 24 घंटे में वापसी पर यह दर 415 रुपये से बढ़कर 425 रुपये हो जाएगी। बस या ट्रक के लिए 580 रुपये की जगह 595 रुपये और 24 घंटे में वापसी पर 870 रुपये की जगह 890 रुपये टोल लगेगा।

ट्रक मल्टी एक्सल और दो एक्सल वाली गाड़ियों के लिए भी टोल बढ़ाया गया है। अब 630 रुपये के स्थान पर 645 रुपये, 905 रुपये के स्थान पर 930 रुपये और 1105 रुपये के स्थान पर 1130 रुपये लिए जाएंगे। 24 घंटे में टोल प्लाजा से आना-जाना करने पर 970 रुपये, 1395 रुपये और 1700 रुपये टोल वसूला जाएगा।

नकद या अन्य स्थित में टोल पार करना संभव नहीं

काशी टोल प्लाजा कैशलेस हो गया है। टोल मैनेजर ने बताया कि वाहन स्वामियों को फास्टैग सक्रिय रखते हुए टोल टैक्स चुकाना होगा या फिर टोल बूथ पर बार कोड से यूपीआइ के माध्यम से टोल टैक्स चुकाना होगा। नकद या अन्य स्थित में टोल पार करना संभव नहीं होगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *