बिहार के लाडले का IPL में ‘सिक्सर धमाका’, पोस्टर बॉय बने वैभव सूर्यवंशी

IPL six hitting performance : समस्तीपुर की मिट्टी का हुनर जब दुनिया के सबसे बड़े क्रिकेट मंच पर चमकता है, तो उसकी गूंज सात समंदर पार तक सुनाई देती है।

समस्तीपुर के ताजपुर प्रखंड के लाल वैभव सूर्यवंशी ने आईपीएल 2026 के मैदान पर अपनी बल्लेबाजी से ऐसा ‘बवंडर’ खड़ा किया कि चेन्नई सुपर किंग्स (CSK) के पसीने छूट गए।

मात्र 17 गेंदों पर 52 रनों की आतिशी पारी खेलकर वैभव ने अपनी टीम को जीत दिलाने के साथ ही रातों-रात क्रिकेट जगत के नए ‘पोस्टर बॉय’ बन गए हैं।

बिहार में हर तरफ वैभव की चर्चा

जैसे ही वैभव ने शॉट लगाया, उनके पैतृक निवास ताजपुर समेत पूरे बिहार में खुशी का ठिकाना नहीं रहा। युवा सड़कों पर उतर आए और ‘वैभव-वैभव’ के नारों से पूरा इलाका गूंज उठा।

चौक-चौराहों पर चर्चा

पान की दुकान हो या चाय की चुस्की, हर तरफ बस एक ही चर्चा है वैभव तो गजब का खिलाड़ी है चेन्नई के छक्के छुड़ा दिए। मैच के दौरान जब वैभव क्रीज पर आए, सामने चेन्नई के घातक गेंदबाज थे।

लेकिन समस्तीपुर के इस युवा तुर्क ने बिना किसी दबाव के पहली ही गेंद से प्रहार करना शुरू किया। उनकी 17 गेंदों की पारी में क्लासिक शॉट्स के साथ-साथ वो आक्रामकता भी थी, जिसने बड़े-बड़े दिग्गजों को दांतों तले उंगली दबाने पर मजबूर कर दिया। 52 रनों की इस पारी ने विपक्षी खेमे की पूरी रणनीति को तहस-नहस कर दिया।

बिहार क्रिकेट के लिए ‘स्वर्ण युग’ की आहट

स्थानीय खेल प्रेमियों और वैभव के बचपन के कोच का ब्रजेश झा कहना है कि वैभव शानदार खिलाड़ी हैं। बचपने से वह अपने टारगेट को पूरा करते हैं।

ताजपुर के खेल मैदान से शुरू हुआ यह सफर आज आईपीएल के चमकते सितारों के बीच अपनी जगह बना चुका है।

समस्तीपुर के क्रिकेट फैंस रमेश कुमार, राकेश कुमार झा, विनोद कुमार का कहना है कि वैभव ने यह साबित कर दिया है कि अगर प्रतिभा और दृढ़ संकल्प हो, तो छोटे शहर का लड़का भी दुनिया के सबसे बड़े मंच पर ‘राज’ कर सकता है।

फिलहाल, समस्तीपुर से लेकर पटना तक, हर बिहारी की जुबान पर बस एक ही नाम है वैभव सूर्यवंशी। शानदार खेलता है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *