राहुल गांधी ने सबरीमाला सोना चोरी पर माकपा को घेरा, मोदी की चुप्पी पर उठाए सवाल

कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने केरलम चुनावों के लिए यूडीएफ के चुनाव अभियान को और तेज करते हुए सबरीमाला मंदिर में सोने की चोरी मामले में माकपा पर निशाना साधा। राहुल ने इस मुद्दे पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की कथित चुप्पी पर भी सवाल उठाया। उन्होंने राज्य में महिला मुख्यमंत्री बनाए जाने की भी उम्मीद जताई।

राहुल ने सोमवार को पथनमथिट्टा और कोट्टायम जिलों के निर्वाचन क्षेत्रों में कांग्रेस के नेतृत्व वाले गठबंधन के उम्मीदवारों के लिए आयोजित नुक्कड़ सभाओं को संबोधित किया। कोट्टायम जिले में चुनावी सभाओं में राहुल ने रबर की गिरती कीमतों और विदेशी अंशदान विनियमन अधिनियम (एफसीआरए) संशोधन विधेयक का मुद्दा उठाया, जिसके खिलाफ चर्च ने केंद्र सरकार के खिलाफ आवाज उठाई है।

कोट्टायम में ईसाई आबादी काफी अधिक है। राजग उम्मीदवारों के लिए रविवार को आयोजित रैली में प्रधानमंत्री के भाषण का जिक्र करते हुए राहुल ने अडूर में कहा कि प्रधानमंत्री जहां भी जाते हैं, मंदिरों और धर्म के बारे में बात करते हैं, लेकिन वह सबरीमाला में जो हुआ था, उसे भूल गए। वह भूल गए कि वाम मोर्चा के नेताओं ने अय्यप्पा मंदिर से चोरी की थी। वह भूल गए हैं कि वाम मोर्चा के नेताओं ने अय्यप्पा मंदिर का सोना ले जाकर उसकी जगह पीतल रख दिया था।

उन्होंने सोना चोरी में माकपा नेताओं की कथित भूमिका के बारे में पैरोडी ”स्वर्णम कट्टथु आरप्पा” (”अय्यप्पा का सोना किसने चुराया”) गाई। राहुल ने दावा किया कि प्रधानमंत्री ने एलडीएफ को नुकसान से बचाने के लिए चुप्पी साध रखी थी। राहुल ने कहा, इससे दो बातें सामने आती हैं। पहली यह कि भाजपा और एलडीएफ साथ काम कर रहे हैं।

दूसरी यह कि नरेन्द्र मोदी को हिंदू धर्म या मंदिरों की परवाह नहीं है। उन्होंने कहा कि यूडीएफ सरकार यह सुनिश्चित करेगी कि मंदिर से संबंधित कथित अनियमितताओं के लिए जिम्मेदार लोगों को दंडित किया जाए।

चुनाव प्रचार के दौरान चलाई साइकिल

राहुल ने सोमवार दोपहर भीषण गर्मी में साइकिल चलाई। पुथुपल्ली में रैली के बाद राहुल ने विधायक चांडी ओमन के साथ साइकिल की सवारी की। सड़क के दोनों किनारों पर भीड़ ने नेताओं का उत्साह बढ़ाया।

उस दिन का इंतजार जब केरलम में होगी महिला मुख्यमंत्री : राहुल

पुथपल्ली में रैली में उन्होंने कांग्रेस की गारंटियों के बारे में बताया, जिसमें महिलाओं के लिए मुफ्त बस यात्रा और कालेज जाने वाली छात्राओं के लिए एक हजार रुपये की मासिक सहायता शामिल है। राहुल ने कहा, कांग्रेस चाहती है कि महिलाएं केरलम के विकास में भागीदार बनें। हम उस दिन का इंतजार कर रहे हैं जब केरलम में महिला मुख्यमंत्री होगी। हम चाहते हैं कि केरलम की महिलाएं अपने सपनों को पूरा करें।

गौरतलब है कि अब तक केरल में कभी महिला मुख्यमंत्री नहीं बनीं। इस चुनाव में, कांग्रेस ने 92 में से केवल नौ महिला उम्मीदवारों को मैदान में उतारा है, जबकि यूडीएफ सहयोगी, भारतीय यूनियन मुस्लिम लीग ने दो महिला उम्मीदवारों को उतारा है। क्रांतिकारी मा‌र्क्सवादी पार्टी की केके रामा भी चुनाव लड़ रही हैं।

केरलम चुनावों में काम कर रही भाजपा की गुप्त शक्ति : राहुल

राहुल ने कहा हम एलडीएफ के खिलाफ चुनाव लड़ रहे हैं, जिसे भाजपा का पूर्ण समर्थन है। केरलम चुनावों में भाजपा की गुप्त शक्ति काम कर रही है। भाजपा यहां यूडीएफ को नहीं चाहती क्योंकि वह जानती है कि देश में उसे चुनौती देने वाली एकमात्र ताकत कांग्रेस पार्टी है।

भाजपा का विरोधियों को दी जाती हैं धमकियां

राहुल ने कहा कि भाजपा का विरोध करने वालों पर हमले और धमकियां दी जाती हैं। उन्होंने कहा, मुझ पर हमला हुआ है, मेरे खिलाफ 36 मामले दर्ज हैं। मुझसे लगातार 55 घंटे तक पूछताछ की गई। केरलम के मुख्यमंत्री के खिलाफ ऐसी कोई कार्रवाई नहीं की गई है। सब जानते हैं कि एलडीएफ नेतृत्व भ्रष्ट है। उनके खिलाफ मामले चल रहे हैं, लेकिन भाजपा की ओर से उन पर कोई दबाव नहीं है। न कोई पूछताछ हो रही है, न कोई धमकी दी जा रही है।

राहुल ने एलडीएफ पर रबर की कीमतें तय करने के अपने वादे को पूरा करने में ”विफल” रहने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि यूडीएफ सरकार का पहला निर्णय रबर की कीमत 250 रुपये प्रतिकिलो तय करना होगा। राहुल ने कहा कि पार्टी के घोषणापत्र में चरणबद्ध तरीके से रबर की कीमतों को बढ़ाकर 300 रुपये करने की परिकल्पना की गई है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *