हापुड़ के सिंभावली में शॉर्ट सर्किट से मकान में लगी आग, टेंट मालिक का लाखों का सामान जलकर राख

 वैठ गांव में सोमवार की रात को शॉर्ट सर्किट के कारण एक मकान में भीषण आग लग गई। सूचना पर पहुंची दमकल विभाग की टीम ने घंटों के बाद आग पर काबू पाया। जिसमें लाखों रुपए का सामान जलकर राख हो गया है।

सिंभावली थाना क्षेत्र के वैठ गांव के नदीम पुत्र जमशेद ने बताया कि सोमवार की रात घरेलू काम खत्म कर परिवार के साथ ऊपर के हिस्से में बने कमरे में सो रहा था। करीब एक बजे घर में धुआं दिखाई दिया और दम घुट रहा था।

समरसेबल से आग बुझाने का किया प्रयास

पीड़ित ने बताया कि वह नीचे आया, तो देखा कि घर में रखे टेंट के सामान में आग लगी हुई है। भीषण आग देखकर उसकी चींख निकल गई और उसने शोर मचाया। जिससे आस-पास के लोग एकत्रित हो गए।

उसके बाद घर के ऊपर हिस्से में फंसे बच्चों यामान, आतिफ़, हमदान, आलफ़ा और पत्नी शाहिन को जैसे-तैसे कर बाहर निकाला। ग्रामीणों ने समरसेबल और इधर-उधर से पानी का इंतजाम कर आग बुझाने का प्रयास किया, लेकिन सफलता नहीं मिल पाई।

इसी बीच शोएब चौधरी अल्फ़ा ने दमकल विभाग के आपातकालीन नंबर पर सूचना दे दी। सूचना मिलते ही दमकल विभाग की टीम मौके पर पहुंची और करीब दो घंटे की मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया।

आग लगने से लाखों रुपए का नुकसान

टेंट हाउस मालिक नदीम ने बताया कि शादी व पार्टियों में टेंट लगाकर अपने परिवार का भरण पोषण करता है। टेंट का सारा सामान घर के नीचे वाले हिस्से में रखा रहता है।

इस अग्निकांड से पंडाल, कुर्सी, इलेक्ट्रॉनिक सामान के साथ-साथ घर का सभी कीमती सामान जलकर राख हो गया है। जिससे उसे लाखों रुपए का नुकसान हुआ है।

ग्रामीण आरिफ ,शारीफ , फुरकान , मुरर्ण ,गुलफाम , वाशिल, शेरजमा, भूरे, बिलाल, महबूब, हकीकत और डॉ फिरासत ने कहा कि आग लगने से हुए नुकसान का प्रशासन सर्वे कराकर आर्थिक मदद करें।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *