आगरा में तेज रफ्तार कार का कहर: बाइक सवार युवक की मौत, दूसरा गंभीर रूप से घायल

 थाना जगदीशपुरा क्षेत्र के अंतर्गत देर रात बिचपुरी पोस्ट ऑफिस के सामने बोदला अछनेरा रोड पर एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। तेज रफ्तार कार अनियंत्रित होकर बाइक से जा टकराई।

इस हादसे में बाइक सवार दो युवक गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे में एक युवक की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दूसरे की हालत नाजुक बनी हुई है।

एक घायल को इलाज के लिए दिल्ली भेजा

प्राप्त जानकारी के अनुसार, मृतक हेमंत पुत्र सतेंद्र उर्फ गुड्डू निवासी मिढाकुर वहीं, घायल युवक आकाश पुत्र गुड्डा को गंभीर हालत में इलाज के लिए दिल्ली रेफर किया गया है। घटना के बाद मौके पर पहुंची पुलिस ने मृतक के शव को कब्जे में लेकर एसएन मेडिकल कॉलेज भेज दिया, जहां पोस्टमार्टम कराया जा रहा है।

हेमंत घर में सबसे छोटा था

हेमंत अपने घर में सबसे छोटा था और उसकी दो बड़ी बहनें हैं। बेटे की असमय मौत से परिवार में कोहराम मचा हुआ है। इस घटना के बाद शोक की लहर दौड़ गई है और पूरे गांव में सन्नाटा पसरा हुआ है।

कार की रफ्तार काफी तेज थी

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, कार की रफ्तार काफी तेज थी, जिसके चलते चालक वाहन पर नियंत्रण नहीं रख सका और यह हादसा हो गया। पुलिस मामले की जांच में जुटी है और फरार कार चालक की तलाश की जा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *