गोरखपुर फोरेलेन पर तेज रफ्तार में बाइक स्टंट कर दहशत फैलाना पड़ा भारी, पांच युवक गिरफ्तार

 फोरलेन पर तेज रफ्तार में बाइक स्टंट कर दहशत पैलाने वाले पांच युवकों को पुलिस ने पकड़ा। सभी को थाने ले जाकर उनकी पांच बाइकों को सीज कर दिया। वहीं युवकों को थाने के लाकअप में रखते हुए शाम को चेतावनी देते हुए शांतिभंग में चालान कर दिया।

ये मामला गुलरिहा थाना क्षेत्र का है। ये युवक रोज शाम को एक साथ तेज रफ्तार में बाइक लेकर निकलते थे और देर रात मेडिकल कालेज की ओर लौटते समय सड़क पर स्टंट करते थे। इनके शोर और लापरवाही भरे ड्राइविंग से फोरलेन पर चलने वाले राहगीरों में भय का माहौल बना रहता था।

कई बार लोग इनके गुजरने तक सड़क किनारे रुकने को मजबूर हो जाते थे। वहीं, कुछ साइकिल सवार संतुलन बिगड़ने से गिर भी चुके हैं। लगातार मिल रही शिकायतों के बाद थानाध्यक्ष इत्यानंबर पांडेय, भटहट चौकी प्रभारी मदन मोहन मिश्रा और मेडिकल काले चौकी प्रभारी विकास मिश्रा ने घेराबंदी कर सोमवार को पांचों बाइक राइडरर्स को पकड़ लिया।

पूछताछ में बाइक राइडर्स की पहचान कैंपियरगंज थाना के राखेखर निवासी शिवा मिश्रा, गुलरिहा थाना के जंगल डुमरी नंबर दो बरई टोला निवासी अंकित कुमार वर्मा, चिलुआताल थाना के झुंगिया बाजार निवासी आदर्श वर्मा, शक्ति वर्मा और पीयूष सोनकर के रूप में हुई।

थानाध्यक्ष ने बताया कि पांचों युवक अलग-अलग जगह के रहने वाले है, लेकिन एक जगह एकत्र होकर बाइक राइडिंग करते थे, और तेज रफ्तार में स्टंट करते हुए वीडियों बनाते थे। इसके बाद लाइक और कमेंट पाने के लिए वीडियो को इंटरनेट मीडिया पर अपलोड करते थे। ये कभी गोरखपुर-महराजगंज फोरलेन मार्ग पर तो कभी गोरखपुर-सोनौली फोरलेन मार्ग पर बाइक राइडिंग करते हुए स्टेंट करते थे।

इनके हेलमेट और बाइक में ही वीडियो कैमरा लगा था, जिसके जरीए ये एक दूसरे का वीडियो बनाते और अपलोड करते। सीओ गोरखनाथ रवि कुमार सिंह ने बताया कि युवकों द्वारा तेज रफ्तार में बाइक स्टंट करने की शिकायते मिल रही थी, जिसके बाद से पुलिस इनकी तलाश में जुटी थी।

इसी बीच दोपहर के समय इनके राइडिंग की सूचना मिली। पुलिस ने घेराबंदी कर पकड़ा और बाइकों को सीज कर दिया। युवकों को चेतावनी देते हुए शांतिभंग में चालान किया गया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *