6 महीने के लिए बंद हुआ जम्मू सचिवालय, अब 4 मई से श्रीनगर में गूंजेगी सरकारी फाइलों की खड़खड़ाहट

केंद्र शासित प्रदेश जम्मू कश्मीर की शीतकालीन राजधानी जम्मू में सचिवालय वीरवार को छह महीनों के लिए बंद हो गया। अब सरकार का सचिवालय 4 मई से श्रीनगर में काम करेगा।

गत वीरवार को जम्मू सचिवालय में तीन बजे तक कामकाज के बाद विभागों के कंप्यूटर पैक करने का सिलसिला शुरू हो गया। विभागों के कंप्यूटर व अन्य जरूरी सामान को प्रदेश पथ परिवहन निगम के वाहनों में लोड करने का अभियान देर शाम तक चला।

सुबह छह बजे के करीब सरकारी विभाग के सामान, कश्मीर के कर्मचारियों का यह काफिला जम्मू से श्रीनगर के लिए रवाना हो जाएगा। सामान्य तौर पर सचिवालय शुक्रवार को बंद होता है। लेकिन इस बार शुक्रवार को बुद्ध पूर्णिमा की छुट्टी होने के कारण जम्मू में सचिवालय को एक दिन पहले ही बंद कर दिया गया।

जम्मू सचिवालय से काम करने संबंधी आदेश जारी

सचिवालय को श्रीनगर ले जाने की तैयारियों के बीच जम्मू कश्मीर ने प्रदेश के 40 विभागों के अधिकारियों व कर्मचारियों की गर्मियों के महीनों के दौरान जम्मू सचिवालय से काम करने संबंधी आदेश जारी कर दिया। हर विभाग में पांच से लेकर दो कर्मचारियों तक को जम्मू सचिवालय से कामकाज सुचारू बनाने की जिम्मेदारी दी गई है। ये कर्मचारी उप सचिव, अतिरिक्त सचिव स्तर के अधिकारी की देखरेख में जम्मू सचिवालय से कामकाज को सुचारू बनाएंगे।

सचिवालय को मूव करने की प्रक्रिया के तहत सप्ताह में पांच दिन काम करने वाले सचिवालय के कार्यकाल जम्मू में वीरवार को बंद हुए। वहीं छह दिन कार्य करने वाले सचिवालय के बाहर स्थित कार्यालय जम्मू में 2 मई से बंद होंगे। सभी कार्यालय 4 मई से श्रीनगर से काम करने लगेंगे। सचिवालय मूव के साथ श्रीनगर जा रहे कर्मचारी को 25,000 रुपये का विशेष मूव टीए दिया गया है।

बसों के काफिले 1 मई व 3 मई को जम्मू से रवाना होंगे

इस समय जम्मू सचिवालय में कर्मचारियों के प्रदेश पथ परिवहन निगम के वाहनों में श्रीनगर रवाना होने के लिए अग्रिम बुकिंग करवाई है। मूव कर रहे कर्मचारियों को श्रीनगर ले जा रहे जम्मू कश्मीर पथ परिवहन निगम की बसों के काफिले 1 मई व 3 मई को जम्मू से रवाना होंगे।

कर्मचारियों को श्रीनगर ले जा रहे वाहनों के काफिलों की सुरक्षा के लिए पुख्ता प्रबंध किए गए हैं। इस समय श्रीनगर सचिवालय में मूव को लेकर तैयारियां जारी हैं। इसके साथ विभिन्न विभागों के कर्मचारियों के श्रीनगर में रहने के लिए इस्टेट विभाग की ओर से तेजी से व्यवस्था की जा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *