मीरजापुर में ड्रमंडगंज घाटी में कंटेनर का ब्रेक फेल होने से कंटेनर चालक सहित दो की मौत, खलासी सहित तीन घायल

 रीवा-मीरजापुर राष्ट्रीय राजमार्ग 135 स्थित ड्रमंडगंज घाटी में शनिवार की रात साढ़े दस बजे के करीब कोल्डड्रिंक लादकर नीचे उतरते समय कंटेनर का अचानक ब्रेक फेल हो गया। अनियंत्रित कंटेनर आगे चल रही कार, मोटरसाइकिल व कंटेनर में पीछे से टक्कर मारते हुए क्षतिग्रस्त हो गया। कंटेनर चालक व कंटेनर में बैठे एक अन्य कंटेनर चालक की घटना स्थल पर ही मृत्यु हो गई। वहीं घटना में खलासी और बाइक सवार दो लोग गंभीर रूप से घायल हो गए।

मध्य प्रदेश के इंदौर से कोल्डड्रिंक लादकर असम के गुवाहाटी जा रहा कंटेनर रात साढ़े दस बजे के करीब ड्रमंडगंज घाटी में नीचे उतरते समय जैसे ही बड़का मोड़ के आगे पहुंचा तो अचानक ब्रेक फेल हो गया। अनियंत्रित कंटेनर आगे चल रही कार में पीछे से टक्कर मार दी। संयोग था कि कार में सवार सभी लोग बाल बाल बच गए।कार में सवार सभी लोग मैहर से दर्शन कर वापस अपने घर सोनभद्र जा रहे थे।

इसके बाद अनियंत्रित कंटेनर आगे चल रही बाइक में टक्कर मारते हुए चार सौ मीटर आगे बड़का मोड़ घुमान पर आगे चल रहे कंटेनर में पीछे से जा टकराया। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि कंटेनर का अगला हिस्सा बुरी तरह से क्षतिग्रस्त हो गया और कंटेनर पर लदा कोल्डड्रिंक राष्ट्रीय राजमार्ग पर बिखर गया।वही आगे चल रहा कंटेनर बड़का मोड़ पर डिवाइडर से जा टकराया।

हादसे में 35 वर्षीय कंटेनर चालक अरविंद कुमार निवासी निस्बी थाना मिलक जिला रामपुर तथा कंटेनर में सवार दूसरे कंटेनर का चालक 50 वर्षीय लालता यादव निवासी खुटिया थाना चंदौली जिला चंदौली की मौके पर मृत्यु हो गई। मृतक कंटेनर चालक लालता देवास से कोल्ड ड्रिंक लदे कंटेनर में बैठकर अपने घर चंदौली जा रहा था कि रास्ते में हादसे का शिकार हो गया। वहीं जान बचाने के लिए नीचे कूदने पर 21 वर्षीय खलासी हिम्मत सिंह निवासी निस्बी थाना मिलक जिला रामपुर गंभीर रूप से घायल हो गया।

कंटेनर की चपेट में आने से बाइक सवार 28 वर्षीय अजय कुमार बिंद व उनका छोटा भाई विजय कुमार बिंद निवासी सोबरी सुभाष नगर थाना ऊंज जिला भदोही गंभीर रूप से घायल हो गए। जिसमें विजय कुमार को गंभीर चोटें आई हैं। बाइक सवार दोनों भाई मुंबई से बाइक से अपने घर भदोही जा रहे थे। राहगीरों की सूचना पर पहुंचे थानाध्यक्ष ड्रमंडगंज भारत सुमन एसआइ विनोद कुमार सिंह एसआइ सुभाष यादव ने घायल बाइक सवार दोनों भाइयों व गंभीर रूप से घायल खलासी को एंबुलेंस से पीएचसी हलिया भेजवाया।

जहां पीएचसी के चिकित्सक आलोक सिंह यादव ने प्राथमिक उपचार के बाद गंभीर रूप से घायल खलासी हिम्मत सिंह व बाइक सवार विजय कुमार को मंडलीय चिकित्सालय रेफर कर दिया। वहीं बाइक चालक अजय कुमार बिंद की हालत सामान्य बताई जा रही है।थानाध्यक्ष भारत सुमन ने बताया कि देर रात ड्रमंडगंज घाटी में हुए हादसे में कोल्डड्रिंक लदे कंटेनर चालक व कंटेनर में सवार एक अन्य कंटेनर चालक की मृत्यु हो गई है। घायल खलासी और बाइक सवार दोनों भाइयों को उपचार हेतु अस्पताल भेजा गया है। घटना की सूचना मृतकों के स्वजनों को दे दी गई है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *