भोजपुर जिले के कोईलवर थाना क्षेत्र अंतर्गत आरा-छपरा फोरलेन पर जमालपुर बाजार के समीप शनिवार को एक तेज रफ्तार और अनियंत्रित ट्रक ने बाइक सवार दो दोस्तों को रौंद दिया। इस हादसे में एक युवक की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दूसरा गंभीर रूप से घायल हो गया।
घायल युवक को स्थानीय लोगों की मदद से तत्काल अस्पताल पहुंचाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद उसकी गंभीर स्थिति को देखते हुए बेहतर इलाज के लिए रेफर कर दिया गया।
मृतक की पहचान संदेश थाना क्षेत्र के अखगांव निवासी संजीव कुमार के रूप में की गई है। हादसे के बाद आक्रोशित ग्रामीणों ने मौके पर हंगामा किया और ट्रक समेत अन्य वाहनों के शीशे तोड़ दिए।
सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति को नियंत्रित किया। पुलिस ने दुर्घटनाग्रस्त ट्रक को जब्त कर लिया है। हादसे का कारण ट्रक का अनियंत्रित परिचालन बताया जा रहा है। मामले की जांच जारी है।


