जम्मू-कश्मीर के उधमपुर जिले में शुक्रवार को सिविल डिफेंस की तैयारियों को परखने के लिए मॉक ड्रिल आयोजित की जा रही है, जिसके तहत विभिन्न स्थानों पर सायरन बजाए जाएंगे और कुछ इलाकों में अस्थायी ब्लैकआउट भी किया जा सकता है।
प्रशासन ने साफ किया है कि यह पूरी प्रक्रिया एक नियमित अभ्यास का हिस्सा है, इसलिए लोगों को किसी भी तरह की घबराने या डरने की जरूरत नहीं है।
जिला प्रशासन ने इसे लेकर एडवाइजरी जारी की है। जिसमें में कहा गया है कि इस मॉक ड्रिल का उद्देश्य आपात परिस्थितियों में प्रतिक्रिया तंत्र को मजबूत करना और विभिन्न एजेंसियों के बीच तालमेल को बेहतर बनाना है।
प्रशासन ने लोगों से अपील की है कि सायरन बजने पर शांत रहें और इसे अभ्यास का हिस्सा मानें। साथ ही, किसी भी तरह की अफवाहों पर ध्यान न दें और न ही अपुष्ट जानकारी को आगे बढ़ाएं।
लोगों को यह भी सलाह दी गई है कि वे अधिकारियों द्वारा जारी दिशा-निर्देशों का पालन करें और सिविल डिफेंस टीमों के साथ सहयोग बनाए रखें। यह अभ्यास जनता की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए किया जा रहा है, ताकि किसी भी वास्तविक आपात स्थिति में बेहतर तरीके से निपटा जा सके।
प्रशासन ने भरोसा दिलाया है कि इस पूरी प्रक्रिया के दौरान सभी आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित की गई हैं और आम जनजीवन पर न्यूनतम प्रभाव पड़ेगा।

विकास कुमार सिंह एक अनुभवी भारतीय पत्रकार और द टकसाल न्यूज़ (The Taksal News) के प्रधान संपादक हैं।

