ब्लैक फिल्म, निजी वाहनों पर सायरन व बुलेट से पटाखे बजाने वालों पर अब पुलिस का डंडा चलेगा। डीएसपी धीरज कुमार ने पुलिस-पब्लिक तालमेल समिति की बैठक में इस संबंध में दिशा-निर्देश जारी कर दिए है। समिति सदस्यों के सुझाव पर पुलिस विभाग संज्ञान लेते हुए यातायात नियमों को ताक पर रखने वालों पर कार्रवाई करेगा।
बता दें कि पुलिस-पब्लिक तालमेल समिति की बैठक में विभिन्न सामाजिक संगठनों के प्रतिनिधियों, गणमान्य नागरिकों व पुलिस अधिकारियों ने भाग लिया। बैठक में हनुमान जन्मोत्सव पर जिले में शांति, कानून-व्यवस्था व सुचारू यातायात व्यवस्था बनाए रखने के लिए विशेष चर्चा की गई।
समिति के सदस्यों ने मंदिरों व धार्मिक स्थलों पर पर्याप्त पुलिस बल तैनात करने व भीड़-भाड़ वाले क्षेत्रों में विशेष सतर्कता रखने का अनुरोध किया, जिसे डीएसपी ने तुरंत स्वीकार कर लिया।
बैठक में सड़क सुरक्षा एवं नियमों के पालन पर भी विशेष जोर दिया गया। डीएसपी धीरज कुमार ने सभी थाना प्रबंधकों, पुलिस चौकी प्रभारियों को वाहनों पर अवैध रूप से लगी ब्लैक फिल्म, बुलेट पटाखे (मॉडिफाइड साइलेंसर) व निजी वाहनों में अवैध रूप से पुलिस सायरन का उपयोग करने वालों के खिलाफ सख्त कारवाई करने और उनके चालान करने के स्पष्ट निर्देश दिए। साथ ही त्योहार को लेकर सीसीटीवी निगरानी, बैरिकेडिंग, मंदिरों में सुरक्षा व्यवस्था व यातायात नियंत्रण के पुख्ता प्रबंध करने के निर्देश दिए गए।
नाबालिग के वाहन चलाने की चूक पर लिया जाएगा संज्ञान
बैठक में टीनेजर ड्राइविंग को लेकर भी गंभीर चिंता व्यक्त की गई। बैठक में उपस्थित सभी सदस्यों से अपील की गई कि वे अभिभावकों को जागरूक करें कि वे नाबालिग बच्चों को वाहन चलाने की अनुमति न दें।
अभिभावकों को यह समझाना आवश्यक है कि कम उम्र में वाहन चलाना न केवल कानूनन अपराध है, बल्कि यह बच्चों एवं अन्य लोगों के जीवन के लिए अत्यंत खतरनाक भी है।
पार्किंग समस्या के समाधान की उठाई मांग
बैठक में समिति के सदस्यों ने मुख्य बाजार में पार्किंग की समस्या को लेकर भी चर्चा की गई । उपस्थित सदस्यों ने बताया कि बाजार में अनियंत्रित एवं अव्यवस्थित पार्किंग के कारण आए दिन यातायात जाम की स्थिति उत्पन्न होती है, जिससे आम नागरिकों एवं व्यापारियों को काफी असुविधा का सामना करना पड़ता है।
इस बारे डीएसपी धीरज कुमार ने यातायात थाना प्रबंधक को सड़क किनारे अवैध रूप से खड़े वाहनों के खिलाफ विशेष अभियान चलाने, भीड़भाड़ वाले समय में यातायात पुलिस की अतिरिक्त तैनाती सुनिश्चित करने व बाजार क्षेत्र में नो-पार्किंग जोन को स्पष्ट रूप से चिह्नित कर उसका सख्ती से पालन करवाने के निर्देश दिए।


