पंजाब के मोगा में तालिबानी क्रूरता, युवक को दुकान में बंद कर बेरहमी से पीटा; पीड़ित की हालत गंभीर

पंजाब के मोगा जिले के कस्बा समालसर में एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है, जहां एक दुकान में कुछ युवकों द्वारा एक नौजवान की बुरी तरह पिटाई की गई। इस घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है, जिससे इलाके में सनसनी फैल गई है।

मिली जानकारी के मुताबिक, पिटाई का शिकार हुए अमनदीप सिंह उर्फ जुगनू की हालत काफी नाजुक बताई जा रही है। उसे पहले स्थानीय अस्पताल में भर्ती कराया गया, जिसके बाद उसे रेफर कर गुरु गोबिंद सिंह मेडिकल कॉलेज, फरीदकोट में दाखिल करवाया गया है।

पीड़ित अमनदीप सिंह ने पुलिस पर ढीली कार्रवाई के आरोप लगाते हुए कहा है कि उसे इंसाफ दिया जाए।घटना के बाद पिटाई करने वाले रुपिंदर सिंह उर्फ पिंदी ने भी सोशल मीडिया पर अपनी वीडियो जारी कर अपना पक्ष रखा। उसने धमकी भरे लहजे में कहा कि जो भी हमारे परिवारों की तरफ आएगा, उसे बख्शा नहीं जाएगा और अन्य युवकों को भी सबक सिखाने की बात कही। उसने यह भी माना कि पिटाई उन्हीं के द्वारा की गई है।

वहीं, बाघा पुराना के डीएसपी दलवीर सिंह ने बताया कि पहले भी इन लोगों की एक वीडियो वायरल हुई थी, लेकिन उसमें ऐसा कोई ठोस तत्व सामने नहीं आया था, जिसके आधार पर सख्त धाराओं में मामला दर्ज किया जा सके। फिर भी पुलिस ने कार्रवाई करते हुए उनके खिलाफ केस दर्ज किया था और एसडीएम के जरिए उनकी जमानत हुई थी, जिसमें मोटी रकम भरी गई थी।

अब इस मामले में दोबारा कार्रवाई करते हुए रुपिंदर सिंह उर्फ पिंदी और उसके साथियों के खिलाफ सख्त कदम उठाए जाएंगे। पहले लिए गए प्रिवेंटिव एक्शन के तहत भरी गई जमानतें रद्द करवाई जाएंगी और जमानत राशि सरकारी खजाने में जमा करवाई जाएगी।

वायरल वीडियो में साफ तौर पर पिटाई दिखाई दे रही है, जिसके आधार पर अब कड़ी कानूनी धाराएं लगाई जाएंगी। डीएसपी ने यह भी कहा कि यह मामला पहले भी पुलिस के ध्यान में आया था, जहां दोनों पक्षों द्वारा एक-दूसरे को धमकियां दी गई थीं और उस समय भी कार्रवाई की गई थी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *