देवगढ़ जिले के रियामाल ब्लॉक के महलारबहाल गांव में एक सनसनीखेज हत्या का मामला सामने आया गांव के पास खेत में एक महिला का अधजला शव मिलने से इलाके में हड़कंप मच गया।मृतका की पहचान लक्ष्मी साहू के रूप में हुई है।
मामले में पुलिस ने संदेह के आधार पर पति यशोवंत साहू को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है।आरोप है कि संतान ना होने से पति यशोवंत साहू ने अपनी पत्नी की हत्या करने के बाद उसकी लाश को खेत में जला दिया है।
मृतका के भाई मेंडिपाली गांव निवासी मुरली साहू ने बहन की हत्या का आरोप लगाते हुए शिकायत दर्ज कराई है। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस अधीक्षक अनिल कुमार मिश्रा के निर्देश पर एसडीपीओ रमेश चंद्र मोहाना और फांड़ी अधिकारी विष्णुप्रिया राणा मौके पर पहुंचे और जांच शुरू की।
अनुगुल से आई वैज्ञानिक टीम ने भी घटनास्थल की बारीकी से जांच की। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
जानकारी के अनुसार, लक्ष्मी साहू की शादी करीब 26 वर्ष पहले यशोवंत साहू से हुई थी। लंबे समय तक दंपती की कोई संतान नहीं हुई। इसी कारण पारिवारिक विवाद बढ़ता गया।
बताया जा रहा है कि करीब तीन वर्ष पहले यशोवंत ने दूसरी शादी कर ली थी। दूसरी पत्नी भी कुछ महीनों बाद कथित प्रताड़ना से तंग आकर मायके चली गई थी।
ग्रामीणों के अनुसार, रविवार रात में गांव के पोखर के पास खेत में आग जलती हुई दिखाई दी थी। लोगों ने धान कटने के बाद खेत साफ करने के लिए आग लगाई गई होगी, यह सोचकर ध्यान नहीं दिया।
सोमवार सुबह जब कुछ लोग खेत की ओर गए तो वहां एक महिला का अधजला शव पड़ा मिला। इसके बाद तुरंत पुलिस को सूचना दी गई। जांच के बाद शव की पहचान लक्ष्मी साहू के रूप में हुई।
पुलिस का कहना है कि मामला संदिग्ध है और सभी पहलुओं से जांच की जा रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के सही कारणों का खुलासा हो सकेगा।


