गर्मियों का मौसम आते ही लोगों का मन आइसक्रीम खाने को ललचाने लगता है। लेकिन कई लोग इस बात को नहीं जानते कि जिसे वो आइसक्रीम समझकर इतने चाव से खा रहे हैं, वह फ्रोजन डेजर्ट हो सकता है।
जी हां, कई बार जिसे लोग आइसक्रीम समझ रहे होते हैं, उसके डिब्बे पर फ्रोजन डेजर्ट लिखा होता है। ज्यादातर लोग इनके बीच अंतर नहीं जानते, लेकिन इनके स्वाद, सामग्री और सेहत के नजरिए से इनमें काफी अंतर होता है। आइए जानें कि आपकी ठंडी ट्रीट असल में है क्या।
क्या है असली अंतर?
आइसक्रीम और फ्रोजन डेजर्ट के बीच का सबसे बड़ा अंतर उनके फैट के सोर्स में छिपा है।
- आइसक्रीम- भारतीय खाद्य सुरक्षा और मानक प्राधिकरण (FSSAI) के अनुसार, असली आइसक्रीम वही है जो दूध और डेयरी फैट से बनी हो। इसमें क्रीम और दूध का इस्तेमाल होता है, जो इसे प्राकृतिक रूप से गाढ़ा और मलाईदार बनाता है।
- फ्रोजन डेजर्ट- फ्रोजन डेजर्ट दिखने में बिल्कुल आइसक्रीम जैसा होता है, लेकिन इसे बनाने में डेयरी फैट की जगह वेजिटेबल ऑयल जैसे पाम ऑयल या हाइड्रोजिनेटेड वेजिटेबल फैट का इस्तेमाल किया जाता है। इसमें मिल्क सॉलिड्स तो हो सकते हैं, लेकिन मुख्य फैट डेयरी का नहीं होता।
सेहत के लिए क्या है बेहतर?
- आइसक्रीम में मौजूद दूध का फैट प्राकृतिक होता है, जिसमें हेल्दी फैट्स होते हैं। वहीं, फ्रोजन डेजर्ट में इस्तेमाल होने वाले वेजिटेबल ऑयल अक्सर सैचुरेटेड फैट्स से भरपूर होते हैं, जो दिल के स्वास्थ्य के लिए बहुत अच्छे नहीं माने जाते।
- दोनों ही प्रोडक्ट्स में चीनी की मात्रा काफी ज्यादा होती है, इसलिए डायबिटीज के मरीजों को दोनों ही मामलों में सावधानी बरतनी चाहिए।
- कैलोरी के मामले में दोनों लगभग बराबर हो सकते हैं, लेकिन फ्रोजन डेजर्ट को मलाईदार बनाने के लिए इसमें कई बार आर्टिफिशियल इमल्सीफायर और स्टेबलाइजर्स का ज्यादा इस्तेमाल किया जाता है।
आप कैसे पहचानें?
- पैकेट का फ्रंट लेबल- प्रोडक्टर के सामने वाले हिस्से पर लिखा होता है कि वह आइसक्रीम है या फ्रोजन डेजर्ट।
- सामग्री की सूची- अगर सामग्री में वेजिटेबल ऑयल या वेजिटेबल फैट लिखा है, तो वह फ्रोजन डेजर्ट है। अगर मिल्क फैट या क्रीम लिखा है, तो वह असली आइसक्रीम है।
- कीमत- आमतौर पर फ्रोजन डेजर्ट, असली आइसक्रीम की तुलना में थोड़े सस्ते होते हैं क्योंकि वेजिटेबल ऑयल, दूध की क्रीम के मुकाबले कम खर्चीला होता है।


