‘पुलिस गश्ती टीम करती है वसूली’, मुजफ्फरपुर-महुआ मार्ग पर ट्रक चालकों ने लगाया जाम, किया हंगामा

 जिले के मनियारी थाना क्षेत्र में पुलिस पर अवैध वसूली के आरोप को लेकर मंगलवार रात हंगामा खड़ा हो गया। आक्रोशित ट्रक चालकों ने मुजफ्फरपुर-महुआ मुख्य मार्ग को जाम कर दिया, जिससे करीब आधे घंटे तक यातायात पूरी तरह बाधित रहा।

घटना पकाही चौक की है, जहां रात करीब आठ बजे यूपी नंबर के एक ट्रक चालक ने गश्ती पुलिस पर पैसे मांगने का आरोप लगाया। चालक का कहना था कि जब उसने इस पूरे घटनाक्रम का वीडियो बनाना शुरू किया तो पुलिस गाड़ी के चालक ने उसका मोबाइल छीन लिया और वीडियो डिलीट करने की कोशिश की। इस दौरान मोबाइल क्षतिग्रस्त हो गया।

गश्ती पुलिस की टीम मौके से भागी

घटना की जानकारी मिलते ही स्थानीय लोग मौके पर जुट गए और स्थिति तनावपूर्ण हो गई। भीड़ बढ़ती देख गश्ती पुलिस की टीम वहां से निकल गई। इसके बाद नाराज ट्रक चालकों ने सड़क जाम कर विरोध प्रदर्शन शुरू कर दिया, जिससे दोनों ओर वाहनों की लंबी कतार लग गई।

सूचना मिलने पर मनियारी थाना प्रभारी जितेंद्र कुमार मौके पर पहुंचे और स्थिति को संभाला। उन्होंने ट्रक चालक को समझा-बुझाकर जाम खत्म कराया, जिसके बाद आवागमन सामान्य हो सका।

थाना प्रभारी ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है। यदि जांच में पुलिसकर्मियों की संलिप्तता पाई जाती है तो उनके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *