जयपुर में दो दिन में दो प्रसूताओं की मौत, चार की हालत गंभीर; ओम बिरला पहुंचे अस्पताल

3.0kViews
1014 Shares

 राजस्थान के कोटा सरकारी मेडिकल कॉलेज अस्पताल में प्रसव के बाद 48 घंटे में दो प्रसूताओं की मौत हो गई है।

एक महिला की मौत बुधवार को दिन में और दूसरी महिला की मौत गुरुवार सुबह हुई है। प्रसव के बाद चार अन्य महिलाओं की हालत भी गंभीर हुई थी, जिन्हें जयपुर में महिला चिकित्सालय के लिए रेफर किया गया है।

गुरुवार को लोकसभा अध्यक्ष एवं कोटा के सांसद ओम बिरला ने अस्पताल पहुंचकर पूरे घटनाक्रम की जानकारी ली है। उन्होंने घुटना को दुखद बताते हुए जांच के निर्देश दिए हैं।

राज्य के ऊर्जा मंत्री हीरालाल नागर और जिला कलक्टर पीयूष सामरिया ने अस्पताल में पहुंचकर पूरे मामले की जानकारी ली है। मेडिकल कालेज के प्राचार्य डा.नीलेश जैन ने कहा कि जांच पूरी होने के बाद ही दो प्रसूताओं की मौत एवं अन्य के बीमार होने की अधिकारिक जानकारी सामने आ सकेगी।

जानकारी के अनुसार पांच मई को अस्पताल में छह महिलाओं को प्रसव हुआ था। प्रसव के बाद इन सभी महिलाओं की किडनी फेल होने के साथ कई अन्य गंभीर रोग सामने आए थे।

चिकित्सकों ने उपचार शुरू किया, इस बीच छह मई को 28 वर्षीय प्रसूता पायल की मौत हो गई। गुरुवार सुबह साढ़े दस बजे 20 वर्षीय प्रसूता ज्योति की मौत हो गई।

हालत गंभीर होने पर ज्योति को सुबह वेंटिलेटर पर लिया गया था, लेकिन उसकी जान नहीं बच सकी। दोनों प्रसूताओं के स्वजन ने शव लेने से इनकार करते हुए हंगामा किया।

प्रसूताओं के स्वजन ने बताया कि प्रसव के बाद चिकित्साकर्मियों ने महिलाओं को इंजेक्शन लगाया था, जिसके बाद उनका स्वास्थ्य लगातार बिगड़ता गया।

मामले की जांच के लिए जयपुर से वरिष्ठ चिकित्सकों की टीम कोटा भेजी गई है। चिकित्सा विभाग की प्रमुख सचिव गायत्री राठौड़ ने पूरे घटनाक्रम की जानकारी हासिल कर जिम्मेदारी तय करने के निर्देश दिए हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *