छाता हाईवे पर हुए शनिवार सुबह हुए बवाल में जहां उपद्रवियों ने छह फायर किए, वहीं जवाब में पुलिस ने 32 रबड़ की गोलियां चलाईं। साथ ही भीड़ को इतर-बितर करने के लिए 40 आंसू गैस के गोले दागे।
बवाल में एसडीएम, एडीएम समेत पुलिस के एक दर्जन वाहन क्षतिग्रस्त हो गए हैं। पथराव में हाईवे स्थित कस्बा पुलिस चौकी का बैनर भी फट गया है। पुलिस ने घटना स्थल से 12 बोर का खाली कारतूस भी बरामद किया है।
एसडीएम, एडीएम समेत पुलिस के एक दर्जन वाहन हुए क्षतिग्रस्त
गांव आजनौख स्थित गोशाला के संचालक चंद्रशेखर उर्फ फरसा वाले बाबा की कोसीकलां थाना क्षेत्र के कोटवन चौकी स्थित गांव नवीपुर के समीप हादसे में मृत्यु हो गई थी। गोरक्षकों ने गोतस्करों पर गाड़ी से कुचलकर हत्या करने का आरोप लगाते हुए छाता थाना क्षेत्र के कस्बा चौकी स्थित हाईवे पर शनिवार सुबह साढ़े सात सड़क पर शव रखकर जाम लगा दिया। हंगामे के कुछ देर बाद ही पथराव व फायरिंग हो गई।
एनएचएआई ने हाईवे से हटवाए पत्थर, लगवाई झाड़ू, कस्बा चौकी का बैनर भी फटा
बवाल में एसडीएम, एडीएम, सीओ समेत पुलिस के एक दर्जन वाहन क्षतिग्रस्त हो गए। उपद्रवियों की ओर से छह फायर किए गए। हालात इतने बेकाबू हो गए कि पुलिस को स्थिति संभालने के लिए 32 रबड़ की गोलियां चलानी पड़ी। 40 आंसू गैस के गोले दागने पड़े। पथराव में कुछ पत्थर लगने से कस्बा चौकी का बैनर भी फट गया।
करीब चार घंटे बाद स्थिति नियंत्रण में हो सकी। इसके बाद एनएचएआई ने हाईवे पर कर्मी लगाकर पत्थर हटवाए। साथ ही झाड़ू लगवाकर हाईवे को साफ कराया। बवाल में दो दर्जन पुलिस कर्मी भी घायल हो गए। इनमें छह की हालत गंभीर है।
एसपी ग्रामीण सुरेश चंद्र रावत ने बताया कि सभी घायलों का चिकित्सीय परीक्षण कराया गया है। सभी पुलिस कर्मी खतरे से बाहर हैं।
चार घंटे तक जाम में हाईवे पर फंसे रहे वाहन, यात्री परेशान
छाता हाईवे पर शनिवार सुबह हुए बवाल के बाद हाईवे पर दोनों साइडों पर जाम लग गया। पथराव को देख कई वाहन चालकों ने वाहनों को पीछे कर लिया, लेकिन जाम लगने से वह निकल नहीं सके। देखते ही देखते हाईवे के दोनों मार्गों पर वाहनों की लंबी कतारें लग गई। जाम में फंसकर यात्री परेशान हुए। करीब चार घंटे बाद सुबह साढ़े 11 बजे यातायात सुचारू होने से यात्रियों ने राहत की सांस ली। इसके बाद हाईवे के वाहनों को निकाला जा सका।


