अन्नाद्रमुक के साथ सीट बंटवारे पर आज होगी निर्णायक चर्चा, पीयूष गोयल जाएंगे तमिलनाडु

 अन्नाद्रमुक के महासचिव ईके पलानीस्वामी ने शुक्रवार को कहा कि 23 अप्रैल को होने वाले विधानसभा चुनाव के लिए उनकी पार्टी भाजपा और राजग के अन्य घटक दलों के साथ सीट बंटवारे को अंतिम रूप देगी तथा दलों को आवंटित निर्वाचन क्षेत्रों की औपचारिक घोषणा चार दिन में कर देगी।

पलानीस्वामी ने गुरुवार की रात केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह से उनके आवास पर मुलाकात की थी। अन्नाद्रमुक प्रमुख ने कहा कि शाह के साथ उनकी बैठक सौहार्दपूर्ण रही और दोनों ने तमिलनाडु के राजनीतिक परिदृश्य पर चर्चा की।

उन्होंने बातचीत में किसी भी तरह की समस्या से इन्कार करते हुए कहा कि इसका सौहार्दपूर्ण समाधान निकल जाएगा। तमिलनाडु में राजग का नेतृत्व अन्नाद्रमुक कर रही है। इसके घटक दलों में भाजपा, एएमएमके और पीएमके शामिल हैं।

पूर्व मुख्यमंत्री ने चेन्नई रवाना होने से पहले कहा कि आपको चार दिन में सब पता चल जाएगा। हम आवंटित निर्वाचन क्षेत्रों के संबंध में घोषणा करेंगे। यहां बातचीत द्रमुक गठबंधन की तरह नहीं है। हमारी बातचीत सुचारू और पूरी तरह व्यवस्थित होगी। हमारा उद्देश्य अपने सहयोगियों को वे सीट आवंटित करना है, जहां उनके जीतने की अच्छी संभावनाएं हैं। उन्होंने कहा कि भाजपा की तमिलनाडु इकाई के प्रभारी पीयूष गोयल बातचीत के लिए शनिवार को राज्य का दौरा करेंगे।

पलानीस्वामी ने विजय की पार्टी टीवीके के साथ गठबंधन को मीडिया की अटकल करार देते हुए कहा, ‘मैं अन्नाद्रमुक महासचिव के रूप में कहता रहा हूं कि हमने टीवीके के साथ बातचीत नहीं की है। आप इस मुद्दे को बार-बार क्यों उठाते रहते हैं।’

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *