मंत्रिमंडल विस्तार के बाद अब दायित्व वितरण पर टिकी नजरें, 26 नेताओं की खुलेगी किस्मत

मंत्रिमंडल विस्तार के बाद धामी सरकार अब भाजपा नेताओं को दायित्व वितरण के माध्यम से भी क्षेत्रीय, जातीय समीकरण साधेगी। इस कड़ी में जल्द ही 26 पार्टी नेताओं को दायित्व देने की तैयारी है। वर्ष 2023 से अभी तक भाजपा के 69 नेताओं को विभिन्न निगमों, प्राधिकरणों, आयोगों व समितियों में दायित्व दिए जा चुके हैं।

अगले वर्ष होने वाले विधानसभा चुनाव को ध्यान में रखते हुए मंत्रिमंडल विस्तार को अहम माना जा रहा है। इसके साथ ही पार्टी नेताओं को दायित्व वितरण पर भी सभी की नजरें टिकी हैं। माना जा रहा है कि सरकार इसमें सभी जिलों को प्रतिनिधित्व देकर संतुलन साधने का प्रयास करेगी। साथ ही पार्टी कार्यकर्ताओं के मनोबल को भी बढ़ाने की दिशा में कदम बढ़ाएगी। सरकार ने वर्ष 2023 में 21, 2024 में 38 और वर्ष 2025-26 में 10 पार्टी नेताओं को दायित्व सौंपे थे।

इसके साथ ही पार्टी के स्तर से दायित्व की रेस में कई नेता अभी भी शामिल हैं। अब जबकि पार्टी विधानसभा चुनाव की तैयारियों में जुट चुकी है तो दायित्व वितरण की प्रक्रिया भी तेज की जा रही है। भाजपा सूत्रों के अनुसार 26 नेताओं की सूची तैयार कर मुख्यमंत्री को सौंपी गई है। इनमें से कुछ के बारे में केंद्रीय नेतृत्व से हरी झंडी भी मिल चुकी है। ऐसे में माना जा रहा है कि सरकार अब जल्द ही दायित्वधारियों की अगली सूची जारी करेगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *