ग्रेटर नोएडा की सोसायटी में नवरात्र पर पूजा रोकने पर भड़के रेजिडेंट्स, बिल्डर पर पुलिस बुलाकर डराने का आरोप

 चैत्र नवरात्र के बीच ग्रेटर नोएडा की एक सोसायटी में पूजा-अर्चना को लेकर विवाद खड़ा हो गया। सोसायटी में बने मंदिर में पूजा करने पहुंचे लोगों को बिल्डर की ओर से रोकने का आरोप लगाया गया, जिसके बाद मौके पर हंगामा हो गया।

मामला ग्रेटर नोएडा की हेमिस्पेयर सोसायटी का है। सोसायटी निवासियों के अनुसार हाल ही में परिसर में मंदिर की स्थापना की गई थी और लोग रोज की तरह पूजा-अर्चना कर रहे थे। इसी दौरान बिल्डर अपने कुछ साथियों के साथ मौके पर पहुंचा और लोगों को पूजा करने से रोकने की कोशिश की।

निवासियों ने जताया आक्रोश

निवासियों का आरोप है कि बिल्डर करीब आधा दर्जन लोगों के साथ आया और पूजा रोकने को कहा। इस पर सोसायटी वासियों और बिल्डर के बीच तीखी नोकझोंक हो गई। निवासियों ने बिल्डर की इस कार्रवाई पर नाराजगी जताते हुए इसे मनमानी बताया।

पुलिस बुलाकर डराने का आरोप

निवासियों का कहना है कि मामला बढ़ने पर बिल्डर ने ही पुलिस को बुला लिया और लोगों को डराने की कोशिश की। इससे कुछ देर के लिए सोसायटी में तनाव का माहौल बन गया।

बिल्डर बोला- बिना अनुमति कराया मंदिर का निर्माण

दूसरी ओर बिल्डर का कहना है कि सोसायटी में मंदिर बिना नक्शा पास कराए और बिना अनुमति के बनाया गया है। उनका कहना है कि किसी भी निर्माण से पहले संबंधित प्राधिकरण से मंजूरी लेना जरूरी होता है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *