‘हथियार दिला दो…, मैं कर दूंगा लारेंस बिश्नोई की हत्या’; पाकिस्तानी गैंगस्टर के साथ राणा ने रची थी बड़ी साजिश

 दिल्ली से आईबी की विशेष टीम और थाना धौलाना पुलिस द्वारा गांव खिचरा के अजीम राणा को गिरफ्तार किए जाने के बाद बड़ा राजफाश हुआ है। आरोपित न केवल पाकिस्तानी गैंगस्टर शहजाद भट्टी को मंदिरों, धार्मिक स्थलों और अन्य संवेदनशील जगहों की वीडियो बनाकर भेज रहा था।

बल्कि, वह उसके लिए भारत में जासूसों की बड़ी चेन बनाने की फिराक में था। सबसे बड़ी बात यह है कि आरोपित ने पाकिस्तानी गैंगस्टर से उसके सबसे बड़े दुश्मन लाॅरेंस बिश्नोई की हत्या करने की बात कही थी। इसके लिए उसने आधुनिक हथियार पाकिस्तानी गैंगस्टर से मांगे थे।

सूत्रों के अनुसार, पूछताछ में अजीम राणा ने बताया कि उसने अपने भांजे को भी पाकिस्तानी गैंगस्टर से जोड़ा था। उसने भांजे की वीडियो काॅल पर दोनों की बात कराई थी। दोनों के बीच हुई बातचीत के ऑडियो और वीडियो साक्ष्य आईबी के हाथ लगे हैं।

अभी तक यह स्पष्ट नहीं हुआ है कि पाकिस्तानी गैंगस्टर रेकी किस लिए करा रहा था। इसके लिए अजीम राणा को फंडिंग की जा रही थी या नहीं। इसके लिए पुलिस और आईबी की टीम जांच में जुटी है।

भट्टी व बिश्नोई गैंग के बीच चल रही है गैंगवार

शहजाद भट्टी पाकिस्तान एक कुख्यात डाॅन हैं, जो हथियारों की तस्करी, नशीले पदार्थों और क्राॅस-बाॅर्डर क्राइम में सक्रिय हैं। भारतीय जांच एजेंसियां इसे पाकिस्तान की खुफिया एजेंसी आईएसआई से जुड़ा हुआ मानती हैं और ड्रोन से भारत में हथियार-ड्रग्स भेजने के नेटवर्क का हिस्सा बताती हैं।

शहजाद भट्टी और लाॅरेंस बिश्नोई गैंग के बीच काफी समय से गैंगवार चली आ रही है। शुरू में दोनों के बीच घनिष्ठ संबंध थे, लेकिन बाद में यह दोस्ती गहरी दुश्मनी में बदल गई। लाॅरेंस बिश्नोई गैंग को जब हथियारों की जरूरत पड़ती थी, तो वह इंटरनेट मीडिया के जरिए शहजाद भट्टी से संपर्क करता था।

वर्ष 2024 में ईद के मौके पर दोनों की वीडियो काॅल वायरल हुई थी, जिसमें भट्टी ने लाॅरेंस को भाई कहा और अपनी गर्दन कटवाने तक की वफादारी जताई थी। वर्ष 2025 में पहलगाम आतंकी हमले के बाद लाॅरेंस बिश्नोई गैंग ने पाकिस्तानी आतंकी हाफिज सईद को खुलेआम धमकी दी और बदला लेने की बात कही।

इससे शहजाद भट्टी भड़क गया और उसने लाॅरेंस और उसके भाई अनमोल बिश्नोई को जान से मारने की धमकी दी। फरवरी 2026 में पुर्तगाल में भट्टी पर जानलेवा हमला हुआ, जिसकी जिम्मेदारी लारेंस बिश्नोई गैंग ने ली थी।

पाकिस्तान से ऑपरेट करता है भट्टी

शहजाद भट्टी कराची या पाकिस्तान के अन्य हिस्सों से आपरेट करता है। उसका काम भारत में युवाओं को इंटरनेट मीडिया के जरिए भर्ती करना, ड्रोन से हथियार सप्लाई करना, ग्रेनेड अटैक, रेकी और बड़े हमलों की साजिश रचना है।

30 नवंबर 2025 को दिल्ली पुलिस की स्पेशल सेल ने एक इंटरनेशनल और इंटरस्टेट टेरर-गैंगस्टर माड्यूल का पर्दाफाश किया, जो शहजाद भट्टी द्वारा द्वारा चलाया जा रहा था। इस दौरान पंजाब के हरगुनप्रीत सिंह, मध्यप्रदेश के विकास प्रजापति और बिजनौर के आसिफ को गिरफ्तार किया गया था।

सभी इंटरनेट मीडिया एप्स के जरिए भर्ती हुए थे। यह डिस्पोजेबल फुट सोल्जर्स की तरह इस्तेमाल होते थे। यानी छोटे-छोटे अटैक करवाकर खत्म कर दिए जाते। इन्हीं आरोपितों ने 25 नवंबर 2025 को पंजाब के गुरदासपुर सिटी पुलिस स्टेशन के बाहर ग्रेनेड फेंका गया था।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *