जम्मू में मेडिकल-इंजीनियरिंग दाखिले का झांसा देकर लाखों की ठगी, विद्या 360 एजूकेशनल सर्विसेस पर मामला दर्ज

मेडिकल और इंजीनियरिंग कोर्सों में दाखिला दिलाने का झांसा देकर अभिभावकों से लाखों रुपये ठगने का मामला जम्मू में सामने आया है। इस संबंध में चंडीगढ़ मोहाली स्थित विद्या 360 एजूकेशनल सर्विसेस के खिलाफ साइबर पुलिस स्टेशन जम्मू में मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है।

आरोप है कि विद्या 360 एजूकेशनल सर्विसेस ने जम्मू में कई बच्चों को एमबीबीएस, बी.टेक में दाखिला दिलवाने के नाम पर अभिभावकों से लाखों रुपये ऐंठ लिए और उन्हें फर्जी अलाटमेंट लैटर थमा दिए। वहीं जब अभिभावकों ने दाखिले के लिए कालेजों से संपर्क किया, ताे पता चला कि उनके बच्चों के नाम पर कोई अलाटमेंट लैटर ही जारी नहीं हुए हैं।

अपने साथ पेश आई इस धोखाधड़ी का पता चलने के बाद कई अभिभावकों ने साइबर पुलिस स्टेशन जम्मू में शिकायत दर्ज करवाई है जिसमें अभिभावकों ने विद्या 360 एजुकेशनल सर्विसेस के संस्थापक निदेशक पंकज शाह, सह संस्थापक प्रसून बनर्जी और उनकी दो महिला सहयोगियों के खिलाफ मामला दर्ज किया है।

जम्मू तक फैला है कंपनी का जाल

इस मामले में कंपनी के जम्मू स्थित कुछ सहयोगी भी शामिल है, जिन्होंने कई अभिभावकों को जाल में फंसाकर कंपनी तक पहुंचाया था।

बताया जा रहा है कि विद्या 360 ने वर्ष 2025 में नीट व जेईई की परीक्षा पास कर चुके बच्चों के अभिभावकों से संपर्क कर उन्हें उनके बच्चों के देश के बेहतर कालेजों में दाखिला दिलवाने का झांसा दिया था। कंपनी ने दावा किया उनका चंडीगढ़, मोहाली, कोलकाता, नोयडा, बेंगलुरू, मुंबई में कार्यालय है और वे कई वर्षों से बच्चों के दाखिले देश के विभिन्न प्रोफेशनल कालेजों में करवाते आ रहे हैं।
अभिभावकों का भरोसा जीतने के बाद कंपनी के सह संस्थापक प्रसून बनर्जी, पंकज शाह और उनके सहयोगियों ने लाखों रुपये कालेजों व काउंसलिंग फीस के नाम पर ऐंठ लिए और बाद में फर्जी अलाटमेंट लैटर थमा धोखाधड़ी को अंजाम दे दिया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *