महू तहसील के पत्ती बाजार में दूषित जल से 25 लोग बीमार, बच्चों की हालत चिंताजनक

2.1kViews
1491 Shares

इंदौर जिले के महू तहसील मुख्यालय के पत्ती बाजार क्षेत्र में दूषित जल के कारण स्वास्थ्य संकट उत्पन्न हो गया है। पिछले 10 से 15 दिनों में इस क्षेत्र के करीब 25 लोग, जिनमें 19 बच्चे शामिल हैं, पीलिया, टाइफाइड और अन्य संक्रमणीय बीमारियों से पीड़ित पाए गए हैं।

अधिकारियों के अनुसार कई बच्चों को गंभीर हालत में अस्पताल में भर्ती कराया गया है। नागरिकों ने बताया कि क्षेत्र में नलों से गंदा, बदबूदार और मटमैला पानी आ रहा है। इतना ही नहीं, पानी उबालने के बाद भी बर्तनों के तल में गाद जमने की समस्या सामने आई है।

जानकारी मिलने पर एसडीएम राकेश परमार और तहसीलदार विवेक सोनी मौके पर पहुंचे। उन्होंने एक घर से पानी मंगवाकर स्वयं उसका स्वाद और स्थिति जांची। इसके बाद अधिकारियों ने जलापूर्ति व्यवस्था की प्राथमिक जांच कर संबंधित विभागों को आवश्यक निर्देश दिए।

स्वास्थ्य विभाग की टीम ने बीएमओ डॉ. योगेश सिंगारे के निर्देशन में घर-घर जाकर प्रभावित लोगों के सैंपल एकत्र किए। चंदर मार्ग और मोतीमहल क्षेत्र में हालात विशेष रूप से गंभीर हैं।

स्थानीय लोगों का आरोप है कि नर्मदा जल की पाइपलाइन नालियों के बीच से गुजर रही है, जिससे गंदगी पानी में मिल रही है। बदबू, मटमैला रंग और उबालने के बाद भी गाद जमना इसी का संकेत है। हालांकि अब तक पाइपलाइन में किसी प्रकार का लीकेज नहीं पाया गया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *