महेंद्रगढ़ जिले में खाद्य एवं आपूर्ति विभाग की ओर से घरेलू गैस सिलिंडरों का कामर्शियल उपयोग को लेकर लगातार तीसरे दिन भी छापेमारी की कार्रवाई जारी रही।
घरेलू गैस सिलिंडरों के संभावित दुरुपयोग और कालाबाजारी पर रोक लगाने के लिए प्रशासन ने सोमवार को नांगल चौधरी में सख्त कार्रवाई की। फूड सप्लाई इंस्पेक्टर और नायब तहसीलदार के नेतृत्व में गठित टीम ने शहर के विभिन्न होटलों और दुकानों पर छापेमारी कर जांच अभियान चलाया।
जांच के दौरान कई प्रतिष्ठानों में घरेलू एलपीजी गैस सिलिंडरों का इस्तेमाल व्यावसायिक कार्यों में किया जाता मिला। टीम ने मौके पर कार्रवाई करते हुए आठ घरेलू गैस सिलिंडर जब्त कर लिए।
आगे भी जारी रहेगा अभियान
अधिकारियों ने बताया कि घरेलू सिलिंडरों का व्यावसायिक उपयोग नियमों का उल्लंघन है और इससे आम उपभोक्ताओं के लिए गैस की आपूर्ति व्यवस्था प्रभावित होती है। उन्होंने स्पष्ट किया कि इस तरह की शिकायतों को गंभीरता से लेते हुए आगे भी जांच अभियान जारी रहेगा।
प्रशासन ने होटल व दुकान संचालकों को चेतावनी दी है कि यदि भविष्य में घरेलू सिलिंडरों का गलत उपयोग करते पाए गए तो संबंधित के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी। अचानक हुई इस कार्रवाई से क्षेत्र के होटल और दुकान संचालकों में हड़कंप की स्थिति बनी रही।


