बारिश व ओलावृष्टि ने बढ़ाई अन्नदाता की चिंता, गेहूं की फसल को नुकसान की आशंका

नगर व ग्रामीण क्षेत्र में रविवार तड़के अचानक मौसम ने करवट ले ली। तेज हवाओं के साथ हुई बारिश और ओलावृष्टि से खेतों में खड़ी पकी गेहूं की फसल को नुकसान होने की आशंका जताई जा रही है। कई इलाकों में ओलों की मार से फसल को काफी क्षति पहुंचने की सूचना है, जिससे किसानों की चिंता बढ़ गई है।

इन दिनों क्षेत्र के अधिकांश खेतों में गेहूं की फसल पककर तैयार हो चुकी है और किसान कटाई की तैयारी में जुटे थे। ऐसे समय में हुई बारिश और ओलावृष्टि से उत्पादन प्रभावित होने की संभावना बढ़ गई है। किसानों का कहना है कि यदि मौसम इसी तरह प्रतिकूल बना रहा तो नुकसान का दायरा और बढ़ सकता है।

तापमान में गिरावट दर्ज

अचानक बदले मौसम के कारण पिछले कुछ दिनों से पड़ रही गर्मी से जरूर राहत मिली है और तापमान में गिरावट दर्ज की गई है, जिससे ठंड का हल्का असर फिर महसूस होने लगा है। हालांकि किसानों के लिए यह राहत चिंता में बदल गई है, क्योंकि बारिश और ओलों से फसल को नुकसान की आशंका बनी हुई है।

इस संबंध में तहसीलदार प्रताप सिंह चौहान ने बताया कि फिलहाल कहीं से भी फसल नुकसान की आधिकारिक सूचना प्राप्त नहीं हुई है। यदि किसान नुकसान की जानकारी देते हैं तो नियमानुसार सर्वे कर आगे की कार्रवाई की जाएगी। वहीं किसानों ने प्रशासन से शीघ्र सर्वे कराकर फसल क्षति का आकलन करने और मुआवजा दिलाने की मांग की है, ताकि उन्हें संभावित नुकसान से कुछ राहत मिल सके।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *