सिंगरौली। उत्तरी कोलफील्ड्स लिमिटेड की अमलोरी परियोजना में स्थित सीआईएसएफ कैंप में 10 मार्च 2026 को केंद्रीय औद्योगिक सुरक्षा बल (CISF) का 57वां स्थापना दिवस बड़े हर्षोल्लास और गरिमामय वातावरण में मनाया गया। इस अवसर पर आयोजित भव्य परेड और विभिन्न कार्यक्रमों ने पूरे समारोह को गौरवपूर्ण बना दिया। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में क्षेत्रीय महाप्रबंधक (एरिया जीएम) श्री आलोक कुमार उपस्थित रहे।
कार्यक्रम में विशिष्ट अतिथि के रूप में परियोजना अधिकारी श्री एम.के. लाल तथा खदान प्रबंधक श्री आर.वी. राय सहित एनसीएल के कई वरिष्ठ अधिकारियों ने अपनी गरिमामयी उपस्थिति दर्ज कराई। समारोह के दौरान सीआईएसएफ के जवानों द्वारा शानदार मार्च पास्ट और अनुशासन का उत्कृष्ट प्रदर्शन किया गया, जिसने उपस्थित अधिकारियों और अतिथियों का मन मोह लिया।
स्थापना दिवस की इस विशेष परेड की कमान परेड कमांडर निरीक्षक/कार्य विकास कुमार ने संभाली, जबकि परेड के टू-आईसी (2 I/C) के रूप में उपनिरीक्षक/कार्य राम सूरत सिंह ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। पूरे समारोह का संचालन सीनियर कमांडेंट श्री खिल्लारे एस.पी. के कुशल नेतृत्व में संपन्न हुआ।
इस अवसर पर डिप्टी कमांडेंट गायकवाड़ सुशांत तुकाराम, असिस्टेंट कमांडेंट देवेंद्र सिंह तथा रूपेंद्र सिंह सिरोही भी विशेष रूप से उपस्थित रहे। इसके अलावा निरीक्षक पी.एस. प्रसाद, सुमन कुमारी, उपनिरीक्षक राजेश सिंह, अमित सिंह सहित यूनिट के अन्य अधिकारी और जवान भी कार्यक्रम में मौजूद रहे।

मुख्य अतिथि श्री आलोक कुमार ने अपने संबोधन में अमलोरी खदान की निरंतर प्रगति और सफलता में सीआईएसएफ के योगदान की सराहना की। उन्होंने कहा कि देशभर में औद्योगिक प्रतिष्ठानों की सुरक्षा में सीआईएसएफ की भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण रही है और बल के जवान अपनी निष्ठा, अनुशासन और समर्पण के साथ राष्ट्र की सेवा कर रहे हैं। उन्होंने जवानों की प्रतिबद्धता की प्रशंसा करते हुए उन्हें उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दीं।

परेड के दौरान उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाली प्लाटून नंबर चार को ‘बेस्ट मार्च पास्ट’ का पुरस्कार प्रदान किया गया। इसके साथ ही सुरक्षा सप्ताह के दौरान आयोजित विभिन्न खेल प्रतियोगिताओं में भाग लेने वाले सीआईएसएफ परिवार के बच्चों को भी सम्मानित किया गया। प्रतियोगिताओं में अव्वल आए नन्हे प्रतिभागियों को मुख्य अतिथि द्वारा पुरस्कार देकर उनका उत्साहवर्धन किया गया।

कार्यक्रम के अंत में सीआईएसएफ के गौरवशाली इतिहास को याद करते हुए बल के जवानों ने भविष्य में भी पूरी निष्ठा और समर्पण के साथ देश एवं औद्योगिक प्रतिष्ठानों की सुरक्षा का संकल्प लिया। समारोह का समापन देशभक्ति और गौरव की भावना के साथ किया गया।


