हाथरस हादसा: एनएसजी कमांडो की राजस्थान में थी पोस्टिंग, 25 दिन पहले छुट्टी पर आए थे योगेंद्र

 पल्हावत गांव के पास शुक्रवार तड़के सड़क हादसे में मथुरा निवासी एनएसजी कमांडो योगेंद्र सिंह की मृत्यु हो गई। उनके साथ थार कार में सवार तीन दोस्त गंभीर रूप से घायल हो गए, जिन्हें आगरा उपचार के लिए भेजा गया है। हादसा शुक्रवार सुबह उस समय हुआ जब वे होली खेलकर अपने दोस्त के यहां से लौट रहे थे। राया के गांव गुडेरा में इस घटना से मातम फैल गया है।

मिलिट्री अस्पताल में इलाज तीन दोस्तों का इलाज जारी

आगरा पहुंचने के बाद स्वजन योगेंद्र सिंह को मथुरा के मिलिट्री हॉस्पिटल ले गए, जहां इलाज के दौरान उनकी मृत्यु हो गई। वहीं अन्य तीनों घायल दोस्तों का आगरा में इलाज जारी है। बताया जा रहा है कि विष्णु कुमार भारतीय नौसेना में तैनात हैं और उनकी पोस्टिंग विशाखापत्तनम में है, जबकि सत्यवीर सिंह और जीतू मथुरा के ही रहने वाले हैं।

पुलिस के अनुसार हादसे के समय वाहन की रफ्तार करीब 100 से 120 किलोमीटर प्रति घंटा के बीच होने की आशंका है, जिसके कारण चालक नियंत्रण खो बैठा और यह भीषण दुर्घटना हो गई।

राजस्थान में थी पोस्टिंग, 25 दिन पहले छुट्टी पर आए थे

योगेंद्र सेना में साल 2010 में भर्ती हुए थे। इस समय पठानकोट में उनकी पोस्टिंग थी। परिवार में माता-पिता, पत्नी एकता सिंह, पांच साल की बेटी और चार माह का बेटा है। योगेंद्र 25 दिन पहले छुट्टी लेकर घर आए थे। योगेंद्र के बड़े भाई धर्मेंद्र ने बताया कि तीन भाइयों में योगेंद्र सबसे छोटे थे। 31 मार्च 2026 को योगेंद्र की नौकरी के 15 साल पूरे होने थे। इसके बाद वह बीआएस लेने वाले थे, लेकिन उससे पहले ही यह हादसा हो गया।

कोतवाली में अभी तक किसी ने कोई लिखित शिकायत दर्ज नहीं कराई है। घायलों को उनके परिजन आगरा ले गए थे, जहां से एनएसजी कमांडो के स्वजन उन्हें मथुरा ले गए। वहां इलाज के दौरान मृत्यु हो गई। अमित पाठक, सीओ सादाबाद

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *