अमरोहा में आवारा कुत्तों का आतंक: हमले में आठ साल की बच्ची गंभीर घायल, कई बकरियों की भी जान ली

मजदूर पिता के साथ बाग में काम करने जा रही आठ वर्षीय मासूम बालिका पर आवारा कुत्तों ने हमला कर नोच कर गंभीर रूप से घायल कर दिया। उपचार के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया गया है।

हसनपुर में आठ साल की बालिका को कुत्तों ने नोच कर किया घायल

कस्बा हसनपुर से सटी अब्दुल्ला कॉलोनी में आवारा कुत्तों का आतंक हो रहा है। शनिवार सुबह आठ बजे पिता अलीमुद्दीन के साथ बाग में काम करने जा रही बालिका नूरबी पर कुत्तों के झुंड ने हमला कर दिया। पिता ने शोर मचाते हुए बेटी को जब तक बचाया कुत्ते नोच कर उसे घायल कर चुके थे। दिन निकलते ही आवारा कुत्तों के हमले में बालिका के घायल होने से महिलाओं और बच्चों में भय व्याप्त हो गया।

कई बकरियों को हमला कर मार कर चुके हैं आवारा कुत्ते

घायल बालिका को उपचार के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया गया है। कालोनी के लोगों का कहना है कि आवारा कुत्तों का यहां आतंक हो रहा है। पिछले एक पखवाड़े में कई बकरियों पर हमला कर कुत्ते जान ले चुके हैं। कुत्तों से निजात दिलाने में प्रशासन नाकाम साबित हो रहा है।

पिछले दिनों कुत्तों के हमले बढ़ने पर एसडीएम ने नगर क्षेत्र में अधिशासी अधिकारियों एवं ग्रामीण क्षेत्र में खंड विकास अधिकारियों को आवारा कुत्तों को पकड़कर दूर ले जाकर वन विभाग के जंगल में छोड़ने के निर्देश दिए थे। लेकिन अभी तक कुत्ते पकड़ने के लिए अभियान नहीं चलाया गया है।

संक्रमण इतना अधिक की दूध पीते ही बकरी के तीन बच्चे मरे

हसनपुर। पांच मार्च को अब्दुल्ला कालोनी निवासी रियाजुद्दीन की बकरी को आवारा कुत्तों ने नोच कर घायल कर दिया था। कुत्तों के रेबीज में संक्रमण इतना अधिक था कि मां का दूध पीने के कुछ समय बाद ही बकरी के तीनों बच्चों की मृत्यु हो गई।

सद्दाम सैफी एडवोकेट ने बताया कि पिछले कुछ दिनों में आवारा कुत्तों ने तरन्नुम के बकरा एवं इकबाल अहमद की बकरी पर भी हमला करके जान ले ली है। आबादी के नजदीक कुत्ते बागों में छिपे रहते हैं और बच्चों एवं बकरियों पर देखते ही हमला कर देते हैं। लोगों ने कुत्तों को पकड़वाने की मांग की है। उन्होंने प्रदेश सरकार, स्वास्थ्य विभाग एवं वन विभाग को ट्वीट करके घटना की जानकारी दी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *